1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में श्रीलंका बैकफुट पर

पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में श्रीलंका बैकफुट पर

पोर्ट एलिजाबेथ: अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने सेंट जॉर्जिया पार्क मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मंगलवार को श्रीलंका पर शिकंजा कस दिया। खराब

Vernon Philander - India TV Hindi
Vernon Philander

पोर्ट एलिजाबेथ: अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने सेंट जॉर्जिया पार्क मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मंगलवार को श्रीलंका पर शिकंजा कस दिया। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समय से पहले समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका द्वारा पहली पारी में बनाए गए 286 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी में सात विकेट खोकर 181 रन बनाए थे।

दिन का खेल खत्म होने पर धनंजय डी सिल्वा 43 रन और दुशमंथा चामीर 7 रन बनाकर नाबाद लौटे। मेहमान, दक्षिण अफ्रीका से अभी भी 105 रन पीछे हैं।

दूसरे दिन मेजबानों ने अपने सोमवार के स्कोर 267 रनों पर छह विकेट से आगे खेलना शुरू किया। अफ्रीकी टीम ज्यादा देर श्रीलंकाई गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाई और बाकी के चार विकेट महज 19 रनों के भीतर गंवा कर पवेलियन लौट गई। 

मेजबानों की तरफ से ज्यां पॉल ड्यूमिनी (63) और स्टीफन कुक (59) ने अर्धशतक लगाए। श्रीलंका की तरफ से सुरंगा लकमल ने सर्वाधिक पांच विकेट लिए। नुवान प्रदीप और रंगना हेराथ ने दो-दो विकेट लिए।

अपनी पहली पारी खेलने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने 22 रनों पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। दिमुथ करुणारत्ने (5), कुशल परेरा (7) और कुशल मेंडिस (0) पवेलियन लौट चुके थे। 

यहां से कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (39) ने दूसरे छोर पर खड़े सलामी बल्लेबाज कौशल सिल्वा (16) के साथ कुछ हद तक टीम को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। लेकिन वेरॉन फिलेंडर ने सिल्वा को आउट कर श्रीलंका की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। 

94 के कुल स्कोर पर मैथ्यूज भी कागिसो रबादा का शिकार होकर पवेलियन लौट गए थे। श्रीलंका की उम्मीदें दिनेश चंडीमल (28) पर टिकी थीं लेकिन फिलेंडर ने उन्हें भी अपना शिकार बना अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई। 

हेराथ ने 24 रनों का योगदान दे धनंजय के साथ टीम को संभालने की भरपूर कोशिश की लेकिन इस बार केशव महाराज ने श्रीलंका के लिए पनप रही एक और साझेदारी को तोड़ा। हेराथ 157 के कुल योग पर आउट हुए।

धनंजय और चामीरा श्रीलंका को बचाने का संघर्ष कर रहे थे, तभी अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण मैच को समय से पहले रोकने का फैसला किया। 

Latest Cricket News