राजकोट: क्रिकेट विद्वान भले ही इस बात से चिंतित हों कि टी20 से खिलाडि़यों की तकनीक पर असर पड़ रहा है लेकिन भारतीय आल राउंडर रविंद्र जडेजा को लगता है कि इस प्रारूप से क्रिकेटरों के कौशल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता क्योंकि वे जरूरत पड़ने पर किसी भी प्रारूप में ढलने के लिये अच्छी तरह से प्रशिक्षित हैं।
जडेजा ने IPL में अपनी टीम गुजरात लायंस के यहां राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स पर सात विकेट की जीत दर्ज करने के बाद कहा, खिलाड़ी बहुत तेजी से हालातों के अनुसार अनुकूलित हो जाते हैं और मुझे नहीं लगता कि सीमित ओवरों के क्रिकेट से खिलाडि़यों पर कोई नकारात्मक असर पड़ेगा। लायंस ने ब्रैंडन मैकुलम (49) और आरोन फिंच (50) के बल्ले से शानदार प्रदर्शन के बूते 164 रन के प्रतिस्पर्धी लक्ष्य का पीछा आसानी से कर लिया। जडेजा ने कहा, फिंच और मैकुलम पावर-हिटर हैं और उन्होंने नौ से कम ओवर में 85 रन जोड़कर मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर दबाव कम कर दिया। फिंच और मैकुलम ने शुरूआती विकेट के लिये 85 रन की साझेदारी निभायी। फिंच ने 36 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 50 रन बनाये जबकि मैकुलम ने 31 गेंद में 49 रन जोड़े जिसमें तीन चौके और तीन छक्के जड़े थे। जडेजा ने कहा कि सलामी बल्लेबाजों ने सुनिश्चित किया कि बड़े शाट की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, सलामी बल्लेबाजों द्वारा शानदार शुरूआत के बाद बड़े शाट लगाने की कोई जरूरत ही नहीं थी।
Latest Cricket News