कैनबरा: गुजरात के मध्यम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमरा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 जनवरी से शुरू हो रही टी-20 क्रिकेट सीरीज के लिए घायल मोहम्मद शमी की जगह भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है।
बुमरा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के नौ मैचों में 14 विकेट लिए हैं। चोट के कारण लंबे समय तक भारतीय टीम से बाहर रहे शमी को तीन मैचों की श्रृंखला शुरू होने से पहले ही मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर होना पड़ा।
बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘चयन समिति ने जसप्रीत बुमरा को भारतीय टी-20 टीम में मोहम्मद शमी की जगह शामिल किया गया है। शमी चोट के कारण बाहर है। भारतीय टीम को तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला खेलनी है।’
बुमरा 22 जनवरी को टी-20 टीम के बाकी सदस्यों युवराज सिंह, हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, सुरेश रैना और हार्दिक पंड्या के साथ आस्ट्रेलिया रवाना होंगे। भारतीय टीम वनडे श्रृंखला पहले ही गंवा चुकी है। अब वह टी-20 सीरीज जीतकर मार्च में होने वाले टी-20 विश्व कप से पहले अपना मनोबल ऊंचा करना चाहेगी।
Latest Cricket News