भारत और अफगानिस्तान के बीच 14 जून से होने वाले टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया कल यानी सोमवार से अभ्यास शुरू करेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच बैंगलोर में एकमात्र टेस्ट खेला जाना है। ये टेस्ट दोनों देशों के लिए बेहद अहम है। अफगानिस्तान की टीम इस मैच के जरिए टेस्ट क्रिकेट में आगाज करेगी। वहीं, भारत इस टेस्ट की मदद से इंग्लैंड दौरे के लिए खुद को परखना चाहेगी। भारतीय टीम सोमवार से बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टेस्ट मैच की तैयारी करेगी।
भारत की ये ट्रेनिंग सोमवार से शुरू होगी और बुधवार तक चलेगी। अफगानिस्तान की टीम ने हाल ही में देहरादून में खत्म टी-20 सीरीज में बहुत ही अच्छा खेल दिखाया था और टीम ने बांग्लादेश का सूपड़ा साफ कर दिया था। अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को एक भी मैच नहीं जीतने दिया और सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। ऐसे में भारतीय टीम अफगानिस्तान को हल्के में लेने की भूल नहीं करेगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में कप्तानी करने वाले अजिंक्य रहाणे ने भी अपने बयान में कहा था कि वो अफगानिस्तान को हल्के में नहीं लेंगे और अपनी पूरी शक्ति से मैदान पर उतरेंगे। आपको बता दें कि इस मैच में विराट कोहली, रोहित शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होंगे।
Latest Cricket News