1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. घरेलू टीम को मदद देने वाली पिचें बनाने में कोई बुराई नहीं : गिब्सन

घरेलू टीम को मदद देने वाली पिचें बनाने में कोई बुराई नहीं : गिब्सन

दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच ओटिस गिब्सन ने मेजबान टीम द्वारा अपने लिए मददगार पिच बनाने की रणनीति का समर्थन किया है। गिब्सन का यह बयान पाकिस्तान कोच मिकि आर्थर के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका की पिचें टेस्ट के लिए सही नहीं हैं।

Harshal Gibbs- India TV Hindi
Image Source : PTI Harshal Gibbs

केपटाउन। दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच ओटिस गिब्सन ने मेजबान टीम द्वारा अपने लिए मददगार पिच बनाने की रणनीति का समर्थन किया है। गिब्सन का यह बयान पाकिस्तान कोच मिकि आर्थर के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका की पिचें टेस्ट के लिए सही नहीं हैं। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को मात देकर सीरीज अपने नाम कर ली है। गिब्सन ने हालांकि आर्थर के बयान को हैरान करने वाला बताया है। 

गिब्सन ने कहा कि न्यूलैंड्स की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद थी, लेकिन उसी पिच पर फाफ डु प्लेसिस ने एक दिन शतक जमाया, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाज उसी दिन सिर्फ चार विकेट ही ले सके। 

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने गिब्सन के हवाले से लिखा है, "उस दिन फाफ ने उस विकेट पर शतक जमाया। मैंने लंबे अरसे बाद ऐसी पारी देखी। और उसी दिन पाकिस्तान ने सिर्फ चार विकेट लिए। हां, विकेट पर थोड़ा अनियमित उछाल था, मैं इससे इनकार नहीं करता, लेकिन फाफ ने बताया था कि बल्लेबाजी की जा सकती है।"

कोच ने कहा, "मैं पिच नहीं बनाता, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि पिच घरेलू टीम को मदद करे। हम पिच में बस तेजी और बाउंस के लिए कहते हैं। तो जब विकेट पर उछाल हो और गेंद सीम हो रही हो तो आपको इससे तालमेल बिठाना पड़ेगा।"

Latest Cricket News