इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में रोहित शर्मा द्वारा लगाए गए मैच विनिंग शतक की क्रिकेट जगत में जमकर तारीफ हो रही है। रोहित की इस शतकीय पारी की तारीफ करने वालों में अब भारत के पूर्व क्रिकेटर आशीष नेहरा का नाम भी जुड़ गया है।
रोहित ने वैसे तो साल 2013 में ही टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर लिया था लेकिन वह ओवल टेस्ट से पहले तक विदेशी धरती पर शतक नहीं बना पाए थे। रोहित का विदेशी धरती पर शतक उस वक्त आया जब भारत को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। इस शतक की बदौलत भारतीय टीम मेजबान इंग्लैंड को चौथे टेस्ट में 157 रन से हराने में सफल रही।
आशीष नेहरा ने मैच के बाद चर्चा के दौरान सोनी स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि ऐसा कोई स्ट्रोक नहीं है जो रोहित शर्मा की किताब में मौजूद नहीं है। नेहरा ने कहा "ऐसा कोई स्ट्रोक नहीं है जो रोहित शर्मा की किताब में नहीं है, चाहे आप स्वीप या कट के बारे में बात करें। केवल एक शॉट है जिसे उन्हें खेलते नहीं देखा है, वह है रिवर्स स्वीप। टेस्ट क्रिकेट में केवल यही बचा है।"
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने रोहित शर्मा द्वारा अपने खेल को इंग्लैंड में तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों के अनुसार बदलने को लेकर भी चर्चा की। नेहरा ने कहा, "हो सकता है कि उन्होंने अपना पहला शतक बनाया हो, लेकिन रोहित शर्मा ने इस सीरीज में अपनी पूरी कोशिश की है। जिस तरह से उन्होंने नॉटिंघम में शुरुआत की थी, हालांकि वह पहले दो या तीन टेस्ट में पुल खेलकर आउट हो गए थे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने अपने खेलने का तरीका बदला। रोहित शर्मा ने मौजूदा परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।"
गौरतलब है कि रोहित शर्मा आठ पारियों में 386 रन के साथ मौजूदा टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी है। वहीं, जो रूट (564) के बाद इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामलें मे दूसरे नंबर पर हैं। पांचवां और अंतिम टेस्ट शुक्रवार 10 सितंबर से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होगा।
Latest Cricket News