कराची: पाकिस्तान के बल्लेबाज उमर अकमल एक बार फिर परेशानी में घिर गए हैं क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गलत आचरण करने और खेल की प्रतिष्ठिा को नुकसान पहुंचाने के लिए उन्हें गुरुवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इस विवाद के कारण उमर पहले ही इंग्लैंड के खिलाफ यूएई में होने वाली टी20 श्रृंखला के लिए पाकिस्तान की टीम में जगह गंवा चुके हैं।
पीसीबी अध्यक्ष शहरयार खान ने मीडिया से कहा कि इस मामले में जांच होगी और तब तक उमर के नाम पर राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए विचार नहीं किया जाएगा।
शहरयार उस घटना के संदर्भ में कह रहे थे जब मुजरा पार्टी में पकड़े जाने के बाद उमर और पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व अंडर 19 कप्तान अजीम घुमन को हैदराबाद शहर के पुलिस थाने ले जाया गया था।
एक चश्मदीद ने पीटीआई को बताया, पुलिस ने इलाके के लोगों की शिकायत पर एक घर में छापा मारा। वहां डांस पार्टी :मुजरा: चल रही थी जिसमें उमर और घुमन सहित कई लोग शामिल थे। इन दोनों को अन्य लोगों के साथ हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले जाया गया।
उसने कहा, उमर ने अपने राजनीतिक संपर्कों का इस्तेमाल किया और उसे कुछ ही मिनटों में छोड़ दिया गया।
मीडिया के जरिये बोर्ड को इस घटना का पता चला।
शहरयार ने कहा कि यह असमान्य घटना नहीं है और दुनिया भर में ऐसी चीजें होती हैं।
उन्होंने कहा, लेकिन हम अपने खिलाडि़यों के आचरण से निराश हैं और उमर केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी है। इसलिए हमने उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया है और इस मामले की जांच करेंगे। उमर ने हालांकि इनकार किया है कि वे ऐसी किसी भी पार्टी में गए थे।
Latest Cricket News