1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाक Vs WI: ब्रेथवेट सेंचुरी से 5 रन दूर, टीम को दिलाई वापसी

पाक Vs WI: ब्रेथवेट सेंचुरी से 5 रन दूर, टीम को दिलाई वापसी

ओपनिंग बैट्समैन क्रेग ब्रेथवेट को अपने जुझारू शतक को पूरा करने के लिए महज 5 रन की दरकार है जिसकी बदौलत वेस्टइंडीज ने सोमवार को शारजाह में तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट के दूसरे दिन स्टंप तक 6 विकेट पर 244 रन बनाकर वापसी की।

Kraigg Brathwaite | AP File Photo- India TV Hindi
Kraigg Brathwaite | AP File Photo

शारजाह: ओपनिंग बैट्समैन क्रेग ब्रेथवेट को अपने जुझारू शतक को पूरा करने के लिए महज 5 रन की दरकार है जिसकी बदौलत वेस्टइंडीज ने सोमवार को शारजाह में तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट के दूसरे दिन स्टंप तक 6 विकेट पर 244 रन बनाकर वापसी की। स्टंप तक ब्रेथवेट 206 गेंद में 95 रन और जेसन होल्डर 6 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

वेस्टइंडीज की टीम अभी भी पाकिस्तान की पहली पारी के स्कोर 281 रन से 37 रन से पिछड़ रही है और उसके अभी 4 विकेट बाकी हैं। वेस्टइंडीज टीम लंच के बाद एक समय 3 विकेट पर 38 रन बनाकर जूझ रही थी लेकिन ब्रेथवेट और रोस्टन चेज (50) ने पांचवें विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। इसके बाद ब्रेथवेट ने छठे विकेट के लिये शेन डॉरिच (47) के साथ भी 83 रन की भागीदारी निभाई। वेस्टइंडीज ने चाय तक 4 विकेट पर 141 रन बनाए थे और अंतिम सत्र में उसने 2 विकेट गंवा दिए। 

इससे पहले पाकिस्तान ने पहली पारी में 281 रन बनाए। टीम ने सुबह के सत्र में 26 रन जोड़कर अपने बाकी बचे दोनों विकेट गंवा दिए। मोहम्मद आमिर (20) और यासिर शाह (12) दोनों को अल्जारी जोसेफ (57 रन पर 2 विकेट) ने पवेलियन भेजा। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 32 रन जोड़े। लेग स्पिनर देवेंद्र बिशू ने 77 रन देकर 4 जबकि तेज गेंदबाज शेनन गैब्रियल ने 67 रन देकर 3 विकेट चटकाए।  वेस्टइंडीज की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज लियोन जॉनसन सिर्फ एक रन बनाने के बाद चौथे ओवर में तेज गेंदबाज वहाब रियाज की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। ड्वेन ब्रावो (11) को रियाज और आमिर ने शॉर्ट गेंद से काफी परेशान किया जिसके बाद इस बल्लेबाज ने जुल्फिकार बाबर की गेंद पर आमिर को कैच थमा दिया। मार्लन सैमुअल्स खाता खोले बिना शाह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। 

ब्रेथवेट और जरमेन ब्लैकवुड (23) ने चौथे विकेट के लिए 30 रन जोड़े लेकिन आमिर ने ब्लैकवुड को पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। ब्रेथवेट ने ऑफ स्पिनर मोहम्मद नवाज पर एक रन के साथ अपना 12वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान ने दुबई में पहला टेस्ट 56 रन और अबुधाबी में दूसरा टेस्ट 133 रन से जीता था जिससे वह 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाए है और उसकी निगाहें क्लीन स्वीप पर लगी हैं।

Latest Cricket News