कराची: बढते राजनयिक तनाव के बावजूद दिसंबर में भारत-पाक श्रृंखला के आयोजन की उम्मीद बांधे बैठे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीनियर अधिकारी नजम सेठी ने कहा कि तस्वीर अगले महीने साफ होगी ।
सेठी ने कहा , मैं भारत से आ रहे सियासी बयानों या श्रृंखला को लेकर मीडिया में बनी हाइप से चिंतित नहीं हूं । मुझे उम्मीद है कि यह श्रृंखला होगी क्योंकि भारत और पाक संबंधों में हमेशा उतार चढाव आते रहे हैं । हालात अभी उतने भी संजीदा नहीं हैं कि दिसंबर में क्रिकेट श्रृंखला ना हो सके ।
उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा , तस्वीर सितंबर में साफ होगी जब दोनों देशों के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालयों के अन्य अधिकारी न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र के एक सत्र के दौरान मिलेंगे ।
सेठी उस समय पीसीबी प्रमुख थे जब दोनौं बोर्ड के बीच 2015 से 2022 के बीच छह श्रृंखलाओं के आयोजन संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे । उन्होंने कहा कि दस्तावेज पर आईसीसी बैठक में हस्ताक्षर हुए थे और बीसीसीआई ने कहा था कि वह हाथ नहीं खींचेगा ।
सेठी ने कहा , एमओयू पर लाखों डालर खर्च हुए हैं और दिसंबर में भारत की मेजबानी से हमें काफी आर्थिक फायदा होगा । भारत पाक श्रृंखला क्रिकेट में एशेज से भी बड़ी है और हमें सब्र से काम लेना होगा ।
Latest Cricket News