ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में एक फ़ील्डर ने ऐसा कैच पकड़ा है जिसे सदी का कैच बताया जा रहा है. वैसे तो इन दिनों बाउंड्री पर फ़ील्डर का सीमा पार करने के पहले बॉल अंदर फेंककर फिर उसे पकड़ लेना आम बात हो गई है लेकिन ये कैच ऐसा था जिसे देखकर आप हैरान रह जाएंगे.
सोमवार को एडीलेड स्ट्राइकर के लिए बेहद महतावपूर्ण मैच था. उसका मुक़ाबला मेलबर्न रेनेगेड्ज़ से था जिसे हराकर ही वह सेमीफ़ाइनल में पहुंच सकती थी. स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 173 रन बनाए जिसमें साउथ अफ़्रीका के पूर्व बल्लेबाज़ कॉलिन इंग्राम ने 38 गेंदों पर 68 रन की तेज़ तर्रार पारी खेली. इंग्राम ने कप्तान ट्रेविस हेड के साथ 88 रन की साझेदारी की. हेड ने 58 रन बनाए.
एक समय रेनेगेड्ज़ 15 वें ओवर में 100 रन पर चार विकेट खो चुकी थी और जीत के लिए उसे एक बड़ी साझेदारी की ज़रुरत थी. वेस्ट इंडीज़ के ड्वान ब्रावो और कीरॉन पोलार्ड क्रीज़ पर थे जब ये हैरत्ंगेज़ कैच पकड़ा गया. ब्रावो ने अफ़ग़ानिस्तान के स्पिनर राशिद ख़ान की बॉल पर लॉंगऑफ बाउंड्री की तरफ़ ज़बरदस्त शॉट खेला. बॉल के पीछे बेन लॉधतिन भागे और उन्होंने बिल्कुल सीमा रेखा के पास कैच पकड़ लिया लेकिन इस दौरान वह संतुलन खो बैठे, उन्होंने अचानक गेंद तेज़ी से ग्राउंड के अंदर जितना दूर हो सकता था, फेंकी और ख़ुद बाहर हो गए. ये गेंद करीब 30 मीटर अंदर गई. लोगों को तब हैरानी हुई जब लॉधलिन का थ्रों जैक वेदरलैंड की तरफ गया जो डीप कवर पाइंट पर खड़े थे. वेदरलैंड ने गेंद को हवा में देखा और उस ओर दौड़ाना शुरु किया और फिर इसके पहले कि गेंद ज़मीन पर गिरे, वेदरलैंड ने अचानक छलांग लगाई और गेंद ज़मीन से बस कुछ सेंटीमीटर ऊपर ही लपक ली.
इस शानदार कैच की वजह से रेनेगेड्ज़ 26 रन से हार गई.
Latest Cricket News