पुणे: भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने श्रीलंका के हाथों पहले टी20 क्रिकेट मैच में मिली हार के बावजूद कहा कि इससे टी20 विश्व कप से पहले टीम की बल्लेबाजी को आंकने का मौका मिला है। श्रीलंका ने कल भारत को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढत ले ली।
धोनी ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा , अच्छी बात यह थी कि इस तरह की पिच पर हम लंबे समय से नहीं खेले हैं । मैच के काफी सकारात्मक पहलू रहे। हर किसी को बल्लेबाजी का मौका मिला और सभी बल्लेबाजों पर दबाव था। हम जीत नहीं सके लेकिन इससे काफी सकारात्मक चीजें ली। उन्होंने कहा , यह कम ही होता है कि टी20 क्रिकेट में सारे विकेट गिर जाये। सभी को आजमाने का मौका मिल गया और पता चला कि हमारी बल्लेबाजी में कितनी गहराई है। शीर्ष क्रम लगातार अच्छा खेलता रहेगा तो निचले क्रम के बल्लेबाजों को मौका नहीं मिलता और विश्व कप से पहले उन्हें आजमाया नहीं जा सकता।
पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर भारतीय टीम 18.5 ओवर में 101 रन पर आउट हो गई। श्रीलंका ने दो ओवर बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। धोनी ने कहा , यह अलग प्रारूप है और हमें तालमेल बिठाना होगा। हम 50 ओवरों की तरह नहीं ले सकते। इसमें कोई दो गेंद में 10 रन बनाता है तो अच्छा प्रदर्शन कहा जायेगा। भारत ने आठ विकेट 72 रन पर गंवा दिये थे लेकिन आर अश्विन 24 गेंद में नाबाद 31 रन बनाकर स्कोर 100 के पार ले गए।
Latest Cricket News