A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टॉप क्रिकेटर्स के बिना भी लिमिटेड ओवर्स में मजबूत है वेस्टइंडीज: होल्डर

टॉप क्रिकेटर्स के बिना भी लिमिटेड ओवर्स में मजबूत है वेस्टइंडीज: होल्डर

वेस्टइंडीज की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान जेसन होल्डर ने कहा है कि पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज में टॉप खिलाड़ियों के बिना भी उनकी टीम मजबूत साबित होगी।

Jason Holder. (Photo: PTI)- India TV Hindi
Jason Holder. (Photo: PTI)

दुबई: वेस्टइंडीज की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान जेसन होल्डर ने कहा है कि पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज में टॉप खिलाड़ियों के बिना भी उनकी टीम मजबूत साबित होगी। वेस्टइंडीज को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट, तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। वेस्टइंडीज को टी-20 और वनडे सीरीज में अपनी टीम के दो धुरंधर खिलाड़ियों क्रिस गेल और ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के बिना उतरना है।

अमेरिकी धरती पर हाल ही में भारत के खिलाफ हुई दो मैचों की टी-20 सीरीज में सीरीज लगाने वाले एविन लुइस को आखिरी क्षणों में गेल की जगह शामिल किया गया। वहीं रसेल की जगह केसरिक विलियम्स को टीम में जगह दी गई है। होल्डर ने कहा,’जाहिर सी बात है यह हमारे लिए बड़ा नुकसान है। लेकिन हमारे पास उनकी जगह लेने के लिए कई स्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं। हमने आक्रामक क्रिकेट खेली है, खासकर सीमित ओवरों में। और टीम में शामिल नए खिलाड़ियों में भी ऐसा करने की क्षमता है।’

वेस्टइंडीज, अमीरात क्रिकेट बोर्ड एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच से अपने दौरे का आगाज करेगी। होल्डर ने कहा, ‘हमारा ध्यान सीरीज की अच्छी शुरुआत करने पर है। यह हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। हम यहां भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज जीत कर आ रहे हैं। हमारे पास आत्मविश्वास है और उम्मीद है कि हम दुबई में भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखेंगे।’

Latest Cricket News