नई दिल्ली: जब महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर होने की घोषणा की थी तो युवराज सिंह ने कहा था कि वह ड्रेसिंग रुम में उनका हाथ पकड़कर उन्हें रोक लेंगे। बहरहाल युवी उनका हाथ पकड़कर तो रोक नहीं पाए लेकिन हां पैर ज़रुर पकड़ लिए।
युवराज ने हाल ही में चोट से उबरने के बाद IPL में वापसी की है। वह पहले मैच में तो कुछ नहीं कर पाए थे लेकिन रविवार को दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 23 गेंद पर 39 रन की पारी खेली जिसमें 3 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल थे।
विशाखापत्तनम में मैच ख़त्म होने के बाद जैसी की रस्म है, हैदराबाद और मुंबई टीम के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाए। इस बीच युवी सचिन को देखते ही उनकी तरफ लपके और उनके पैर छूने की कोशिश करने लगे। युवी के इस अंदाज़ से सचिन अचानर चौंक गए और फिर हसंते हुए युवराज को रोकने की कोशिश करने लगे लेकिन युवी ने भी पैर छूकर ही दम लिया।
मुंबई इंडियंस के मेंटॉर सचिन के पैर छूते हुए युवी की तस्वीर इंटरनेट पर देखते ही देखते वायरल हो गई और सचिन और युवी दोनों के फ़ैन्स ने तस्वीर को ख़ूब शेयर किया। इस फ़ोटो को कुछ ही देर में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने पसंद किया और साथ ही 1 हज़ार से ज्यादा कॉमेंट्स भी इस पर आए। सचिन के बेटे अर्जुन ने भी कॉमेंट किया और इस सम्मान के लिए युवी अंकल को धन्यवाद दिया है।
युवी इससे पहले भी कई बार सचिन के पैर मैदान पर छू चुके हैं...
सचिन को क्रिकेट का भगवान का दर्ज़ा दे चुके युवी इससे पहले भी कई बार सचिन के पैर मैदान पर छू चुके हैं। पिछले साल आईपीएल में दिल्ली के लिए खेल रहे युवी ने सचिन के पैर छुए थे। इससे पहले एमसीसी और रेस्ट ऑफ़ वर्ल्ड के मैच में भी युवी ने सचिन के पैर छुए थे। युवराज के लिए सचिन क्या है ये बताने के लिए इतना ही काफ़ी है कि उनके मोबाइल में सचिन का नंबर 'गॉड' के नाम से सेव है।
Latest Cricket News