1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जब हम IPL में चुने गए थे तब पूरा अफगानिस्तान खुश था: मोहम्मद नबी

जब हम IPL में चुने गए थे तब पूरा अफगानिस्तान खुश था: मोहम्मद नबी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 10वें संस्करण में खेलने वाले अफगानिस्तान के हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद नबी का मानना है कि उनका और उनके हमवतन खिलाड़ी युवा राशिद खान का इस चर्चित लीग में खेलना उनके देश की क्रिकेट के लिए सकारात्मक पहलू है।

Mohammad Nabi and Rashid Khan | BCCI Photo- India TV Hindi
Mohammad Nabi and Rashid Khan | BCCI Photo

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 10वें संस्करण में खेलने वाले अफगानिस्तान के हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद नबी का मानना है कि उनका और उनके हमवतन खिलाड़ी युवा राशिद खान का इस चर्चित लीग में खेलना उनके देश की क्रिकेट के लिए सकारात्मक पहलू है। नबी का मानना है कि दोनों खिलाड़ियों के इस लीग में खेलने से देश के बाकी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा जो अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए अच्छी बात होगी। राशिद और नबी दोनों को सनराइजर्स हैदराबाद ने क्रमश: 4 करोड़ और 30 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया।

जब हम IPL में खेलते हैं तो अफगानिस्तान में लोग शौक से देखते हैं
नबी ने कहा, ‘अफगानिस्तान की क्रिकेट बहुत आगे जा रही है और इससे भी आगे जा सकती है। हम लोगों को देखकर लोगों को प्रोत्साहन मिल रहा है। हम लोग जब दूसरी लीग में खेलते हैं, या IPL में खेलते हैं तो वहां सभी लोग शौक से देखते हैं। हम जब IPL में चुने गए थे तब पूरा अफगानिस्तान खुश था। सभी सोच रहे थे की हमारा कोई न कोई लड़का अब IPL में खेलेगा। यह अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए सकारात्मक पहलू है।’ 

IPL में खेलने से कोई दबाव नहीं
IPL जैसे बड़े मंच पर खेलना किसी भी खिलाड़ी के मनोबल को ऊंचा उठा सकता है साथ ही उससे उम्मीदें को भी बढ़ा सकता है। नबी से जब पूछा गया कि क्या IPL में खेलने के बाद उन पर देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव होगा? नबी ने जवाब में कहा, ‘नहीं कोई दबाव नहीं होगा, क्योंकि मैं पहली बार लीग नहीं खेल रहा हूं। मैं बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) और पाकिस्तान सुपर लीग में खेल चुका हूं। 7-8 साल से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा हूं, विश्व कप खेले हैं, तो ऐसा कोई दबाव नहीं है।’

अच्छा रहा है IPL का अनुभव
IPL में अपने अभी तक के अनुभव के सवाल पर नबी का कहना था, ‘IPL का अनुभव अच्छा है। बड़े खिलाड़ी और कोच इसमें हैं। अभी तक एक मैच का मौका मिला है, प्रदर्शन अच्छा हुआ है। अगले मौके का इंतजार कर रहा हूं ताकि और बेहतर प्रदर्शन कर सकूं अनुभव भी काफी मिल रहा है क्योंकि बड़े-बड़े खिलाड़ियों के सामने खेल रहे हो अपना अनुभव बांट रहे हो वो आपके साथ अपना अनुभव बांट रहे हैं ऐसे में काफी कुछ सीखने को मिला।’ नबी एक ऑफ स्पिनर हैं और सनराइजर्स की टीम में दुनिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन मेंटॉर की भूमिका में हैं। नबी ने कहा कि वह इस दिग्गज गेंदबाज से अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाजी करने के गुर सीख रहे हैं।

मुरलीधरन से सीख रहा हूं
नबी ने कहा, ‘मुरलीधरन अपना अनुभव बांटते हैं। अभी हम दोनों के बीच मैच परिस्थति को लेकर बात हो रही है। किस स्थिति में किस तरह की गेंदबाजी करना चाहिए। बल्लेबाज जब मारता है तो क्या करना चाहिए, उसे कैसा पढ़ना चाहिए। ग्रिप पर हम काम नहीं कर रहे हैं क्योंकि उनकी और मेरी ग्रिप अलग है। वह रिस्ट स्पिनर हैं और मैं फिंगर स्पिनर हूं।’ 

राशिद अफगानी क्रिकेट के सितारे हैं
नबी के हमवतन राशिद ने इस IPL में अपनी फिरकी से सभी को बेहद प्रभावित किया है। वह अभी तक IPL में 10 मैचों में 12 विकेट ले चुके हैं। राशिद से IPL में क्या चर्चा होती है इस पर नबी, राशिद की तरीफ करते हुए कहते हैं, ‘राशिद काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। जब वह IPL में मैच खेलते हैं तो मैं बाहर से देखता हूं। बाद में उन्हें बताता हूं कि गेंदबाजी इस तरह करो, इस स्थिति में इस तरह से गेंदबाजी करो। वह इन सब बतों को सुनते हैं और अमल करते हैं। वह अफगानिस्तान क्रिकेट के भविष्य के सितारे हैं।’

IPL के बाद कोई बदलाव नहीं आया
नबी से जब पूछा गया कि IPL से पहले और IPL में आने के बाद वह अपने आप को किस तरह से देखते हैं इस पर नबी ने सादगी भरे लहजे में कहा, ‘कुछ खास बदलाव नहीं बस मेरे ऊपर IPL का ठप्पा लग जाएगा। बाकी मैं जैसा हूं वैसा ही रहूंगा। मेरे चरित्र में कोई बदलाव नहीं आएगा। क्रिकेट में एक चीज होगी की विपक्षी टीम पर जरूर थोड़ा दबाव होगा कि नबी IPL खेला है। इससे ज्यादा कुछ नहीं।’ नबी ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में अफगानिस्तान के और खिलाड़ी भी IPL में खेलेंगे।

Latest Cricket News