हरारे: टीम इंडिया के ज़िम्बाब्वे दौरे का पहला चरण ख़त्म हो गया जिसमें वनडे सिरीज़ हुई और धोनी एण्ड कंपनी ने मेज़बान को 3-0 से धो डाला। अब टी20 सिरीज़ शुरु होगी जिसमें तीन मैच खेले जाएंगे और फिर एक कप्तान धोनी के लिए एक लंबा ब्रेक। तो क्या करेंगे धोनी इस ब्रेक के दौरान...? धोनी 15 महीने पहले कहने को तो पापा बने थे लेकिन उनकी बेटी जिवा आज भी उन्हें नहीं पहचानती और ब्रेक के दौरान यही रहेगा धोनी का मिशन कि जिवा को मेहसूस हो कि वो उसके पापा हैं।
दरअसल बुधवार को मैच के बाद धोनी से पूछा गया कि वह ब्रेक के दौरान क्या करेंगे इस पर उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि लंबे समय के बाद ( (टी20 सिरीज़ के बाद) मैं क्रिकेट से कुछ आराम लूंगा। मुझे नहीं लगता कि मेरी बेटी अब भी मुझे पहचानती है। मैं अपनी बेटी को महसूस कराउंगा कि मैं उसका पिता हूं और परिवार के साथ कुछ वक़्त गुज़ारुंगा।''
धोनी इस सिरीज़ के बाद वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। अक्टूबर में न्यूज़ीलैंड का बारत दौरा है और तभी धोनी सीमित ओवरों की सिरीज़ में एक्शन में नज़र आएंगे।
एक अन्य सवाल के जवाब में धोनी ने कहा कि वह अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने रणनीति को सही तरीके से लागू किया जो अहम होता है। तेज़ गेंदबाज़ों और स्पिनरों ने समय समय पर विकेट चटकाये और विपक्षी टीम को दबाव में डाल दिया। इसलिये मैं अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश हूं।''
Latest Cricket News