आईपीएल 2018 में शानदार गेंदबाजी कर हर किसी की नजर में आने वाले सिद्धार्थ कौल को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल कर लिया गया है। कौल ने आईपीएल में गजब की गेंदबाजी की और अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने रखा। कौल की काबिलियत को पहचानकर सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम इंडिया में जगह दे दी। अब भारतीय टीम में जगह मिलने के बाद कौल बेहद खुश हैं और उन्होंने ये भी कहा कि मैं सिर्फ जीत के लिए ही खेलूंगा। कौल ने कहा, 'भारत के लिए खेलना ही असली चीज है। मुझे टीम इंडिया की तरफ से खेलने और मैच जिताने में खुशी होगी।'
कौल ने बड़े मजेदार वाकये का जिक्र करते हुए कहा, 'मैंने अपने फोन को स्विच ऑन ही किया था कि भाई (उदय) ने मुझे फोन किया और बताया कि मुझे टीम इंडिया में चुन लिया गया है। मुझे अभी तक फोन आ रहे हैं और मैं सबसे जवाब दे रहा हूं।' कौल ने ये भी कहा कि इंग्लैंड की पिच गेंदबाजों के लिए मददगार होती हैं और इससे उन्हें फायदा मिलेगा। कौल ने कहा, 'मैंने सुना है कि इंग्लैंडकी पिच से गेंदबाजों को मदद मिलती है। ये पहली बार होगा जब मैं इंग्लैंड में खेलूंगा। मैंने सुना है कि वहां पिच गेंदबाजों को मदद करती हैं और ऐसे में मैं देश के लिए मैच जीतना चाहूंगा।'
कौल ने हालांकि ये भी कहा कि वो अभी आईपीएल में खेलने का लुत्फ उठा रहे हैं। कौल ने कहा, 'मैं अभी आईपीएल में खेलने का लुत्फ उठा रहा हूं और अपने प्रदर्शन से टीम को जिताना चाहता हूं।' आपको बता दें कि कौल के लिए आईपीएल 2018 बेहतरीन रहा है और उन्होंने किफायती गेंदबाजी करने के साथ-साथ जमकर विकेट भी लिए हैं। कौल के लिए अब असली अग्नीपरीक्षा इंग्लैंड दौरे पर होगी और उन्होंने कहा है कि वो इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
Latest Cricket News