बेंगलुरू: न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत को छह विकेट से हरा दिया। इसके साथ मेहमान टीम ने तीन मैचों की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
कीवी महिलाओं ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत ने वेल्लास्वामी वनीता (41 रन, 39 गेंद, 4 चौके), हरमनप्रीत कौर (30 रन, 28 गेंद, 6 चौके) और वेदा कृष्णमूर्ति (29 रन, 25 गेंद, चार चौके) की उम्दा पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 136 रन बनाए।
जवाब में खेलने उतरी मेहमान टीम ने 17.5 ओवरों में चार विकेट पर 139 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। विकेटकीपर बल्लेबाज राचेल प्रीस्ट ने 60 रनों की शानदार पारी खेली।
प्रीस्ट ने 34 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्के लगाए जबकि एमी सैदरवेट 24 तथा केटी पेरकिंस 23 रनों पर नाबाद लौटीं। सैदरवेट ने 22 गेंदों पर दो चौके लगाए जबकि पेरकिंस ने 23 गेदों का सामना कर दो बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया।
भारत की ओर से झूलन गोस्वामी ने दो विकेट लिए। पूनम यादव और राजेश्वरी गायकवाड को एक-एक सफलता मिली।
Latest Cricket News