मुंबई: जेपी डुमिनी और क्विंटन डिकाक के अर्धशतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने ICC विश्व T-20 से पूर्व रोमांचक अभ्यास मैच में आज यहां भारत को 3 रन से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने डुमिनी (67) और डिकाक (56) के बीच दूसरे विकेट की 8.1 ओवर में 77 रन की साझेदारी की मदद से 8 विकेट पर 196 रन बनाए।
डुमिनी ने 44 गेंद की अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के मारे जबकि डिकाक ने रिटायर होने से पहले 33 गेंद का सामना करते हुए 7 चौके और 2 छक्के जड़े। भारतीय टीम इसके जवाब में शिखर धवन (73) और सुरेश रैना (41) के बीच चौथे विकेट की 94 रन की साझेदारी के बावजूद 3 विकेट पर 193 रन ही बना सकी।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (16 गेंद में नाबाद 31) और युवराज सिंह (आठ गेंद में नाबाद 16) ने 4 ओवर में 51 रन की अटूट साझेदारी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरूआत खराब रही और उसने 16 रन तक ही सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (10) और विराट कोहली (01) के विकेट गंवा दिए। रोहित को काइल एबोट ने पगबाधा आउट किया जबकि कोहली ने डेल स्टेन की गेंद पर विकेटकीपर डिकाक को कैच थमाया। धवन और रहाणे ने इसके बाद मोर्चा संभाला। धवन ने एबोट जबकि रहाणे ने क्रिस मौरिस पर दो दो चौके मारे। दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर 2 विकेट पर 47 रन तक पहुंचाया।
लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने अगले ओवर में रहाणे को बोल्ड करके भारत को तीसरा झटका दिया। रहाणे ने 11 रन बनाए। धवन ने मौरिस पर लगातार दो चौके मारे जबकि सुरेश रैना ने भी आरोन फांगिसो पर छक्का जड़ा जिससे भारत ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 84 रन बनाए।
Latest Cricket News