कराची: सुरक्षा संबंधी चिंताओं की वजह से भारतीय क्रिकेट प्रशासन धर्मशाला में 19 तारीख को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को कहीम और शिफ़्ट करने पर राज़ी हो गया है।
पाकिस्तान की वेबसाइट डॉन न्यूज़ के मुताबिक भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) अब पाकिस्तान सरकार के टीम को भारत भेजने के फ़ैसले का इंतज़ार कर रहा है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने मैच के स्थान के बदलने की पुष्टि की लेकिन ये नहीं बताया कि ये मैच अब कहां होगा।
मैच के स्थान को लेकर पाकिस्तान बोर्ड ने विश्व टी20 कप के लिए अपनी पुरुष और महिला टीम की रवानगी टाल दी थी।
न्यूज़ एजेंसी एपी ने बुधवार को पाकिस्तान बोर्ड के एक अधिकारी के हवाले से कहा था कि इंटरनेशनल क्रिकेट कॉंसिल से ये मैच कोलकता या फिर मोहाली में कराने का आग्रह किया गया था। इस अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर ही यये बात उजागर की है।
पाकिस्तान को अपने पहले ग्रुप मैच के लिए बुधवार को कोलकता रवाना होना था लेकिन अब वह ICC के जवाब का इंतज़ार कर रहा है। पाकिस्तान को 16 मार्च को क्वालिफ़ाइंग राउंड के पहले विजेता से खेलना है।
सोमवार पाकिस्तान के सुरक्षा दल ने धर्मशाला का दौरा किया था। भारत-पाकिस्तान मैच उस समय खटाई में पड़ गया था जब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा कि पटानकोट में हमले के बाद राज्य सरकार खिलाड़ियों की सुरक्षा की गारंटी नहीं ले सकती। लेकिन आज वीरभद्र ने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि धर्मशाला में मैच हो सकता है। “अगर कोी विरोध होता है तो हम उसे स्टेडियम के पास नहीं होने देंगे।”
इसके पहले ICC के चीफ़ एक्ज़ेक्यूटिव डेव रिचर्डसन ने कहा कि वे स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक तनाव की वजह से 2007 से द्विपक्षीय सिरीज़ नहीं हुई है।
विश्व टी20 का पहला राउंड मंगलवार से शुरु हो गया है। पाकिस्तान सहित टॉप 8 टीमें सुपर 10 स्टेज में अपनी क़िस्मत आज़माएंगी जो 15 मार्च से शुरु होगा।
Latest Cricket News