1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 15 अगस्त को टीम इंडिया ने इस टीम को दी थी करारी मात, विराट कोहली ने खेली धमाकेदार पारी

15 अगस्त को टीम इंडिया ने इस टीम को दी थी करारी मात, विराट कोहली ने खेली धमाकेदार पारी

साल 2019 में 15 अगस्त के दिन भारतीय टीम ने वनडे मुकाबला जीता था, तब विराट कोहली ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए शतक पूरा किया था।

virat kohli- India TV Hindi
Image Source : GETTY विराट कोहली

15 अगस्त 1947 को भारत अंग्रेजों से आजाद हुआ था। हालांकि भारत इससे पहले से क्रिकेट खेल रहा है। लेकिन साल 1947 के बाद इस दिन का महत्व कुछ खास हो गया था। तब से लेकर अब तक ऐसे बहुत कम मौके आए, जब भारतीय क्रिकेट टीम ने 15 अगस्त के दिन कोई मैच खेला हो। साल 2019 में एक ऐसा ही मौका आया था, तब भारतीय टीम ने आजादी के महापर्व के दिन वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी थी और विराट कोहली ने शानदार शतक जड़ने का काम किया था। 

14 अगस्त 2019 से शुरू होकर 15 अगस्त तक चला था मुकाबला

बात है साल 2019 की, जब टीम इंडिया वेस्टइंडीज के दौरे पर थी। इसी सीरीज का तीसरा वनडे मैच कहने को तो 14 अगस्त को शुरू हुआ था, लेकिन भारत और वेस्टइंडीज के समय में काफी अंतर है, इसलिए ये भारतीय समय अनुसार 15 अगस्त के दिन समाप्त हुआ। ये मैच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला गया था। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टी ने 35 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 240 रन बना दिए थे। दअसल मैच में बारिश ने खलल डाला था, इसलिए इसे कम ओवर का कर दिया गया था। 

क्रिस गेल ने खेली थी मैच में तूफानी पारी 

वेस्टइंडीज की ओर से केवल सलामी बल्लेबाज ​​​क्रिस गेल ने एक तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने केवल 41 बॉल पर 72 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इसमें आठ चौके और पांच आसमानी छक्के शामिल थे। हालांकि उनके अलावा और कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। दूसरा सबसे बड़ा स्कोर एविन लुईस का था, जिन्होंने 29 बॉल पर 43 रन बनाने का काम किया था। 

विराट कोहली ने केवल 99 बॉल पर ठोक दिए थे 114 रन

इसके बाद जब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी तो सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा केवल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तीसरे नंबर पर आए कप्तान विराट कोहली को साथ मिला शिखर धवन का। इस मैच में विराट कोहली ने धमाकेदार पारी खेली थी। विराट कोहली ने केवल 99 बॉल प 114 रनों की जबरदस्त पारी खेलने में कामयाबी हासिल की थी। श्रेयस अय्यर ने भी 65 बेशकीमती रन बनाए थे। मैच में बारिश का प्रकोप रहा, ऐसे में जब भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 256 रन बना लिए, तब मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि मैच का फैसला डकबर्थ लुईस नियम के हिसाब से हुआ। भारत ने इस मैच को छह विकेट से अपने नाम किया था। 

Latest Cricket News