1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लॉर्ड्स में गांगुली के आइकोनिक सेलिब्रेशन की यादें हुईं ताजा, शर्ट उतारकर मनाया गया यादगार जीत का जश्न

लॉर्ड्स में गांगुली के आइकोनिक सेलिब्रेशन की यादें हुईं ताजा, शर्ट उतारकर मनाया गया यादगार जीत का जश्न

लॉर्ड्स में इंडिया मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को करारी शिकस्त देते हुए एक बार फिर 2002 में मिली ऐतिहासिक जीत की यादें ताजा कर दी।

Lord's- India TV Hindi
Image Source : AFP सौरव गांगुली और लॉर्ड्स

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से भारतीय टीम की ऐतिहासिक यादें जुड़ी हुई हैं। लॉर्ड्स की बालकनी को देखते ही सबसे पहले साल 2002 की वह तस्वीर याद आती है, जब सौरव गांगुली ने इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद अपनी शर्ट उतारकर हवा में लहराई थी। 24 साल बाद उसी ऐतिहासिक मैदान पर एक बार फिर कुछ ऐसा हुआ, जिसने उस यादगार पल की तस्वीरें ताजा कर दीं।

लॉर्ड्स की बालकनी में फिर दिखा जीत का जश्न

इस बार कहानी भारतीय पुरुष टीम की नहीं, बल्कि इंडिया मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम की थी। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए T20 मुकाबले में भारत ने 118 रन की शानदार जीत दर्ज की। जीत के बाद टीम के कुछ सदस्यों ने लॉर्ड्स की बालकनी में पहुंचकर गांगुली के 2002 वाले अंदाज को दोहराया। एक सदस्य ने अपनी ब्लेजर उतारी, जबकि दूसरे ने शर्ट उतारकर उसे हवा में लहराया। इस जश्न का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह नजारा देखते ही 2002 की यादें ताजा हो गईं। तब गांगुली की कप्तानी में भारत ने नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड को उसी लॉर्ड्स के मैदान पर हराया था। इंग्लैंड ने भारत के सामने 326 रन का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसे मोहम्मद कैफ और युवराज सिंह की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने हासिल कर लिया था। जीत के बाद गांगुली का बालकनी में शर्ट लहराना भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित जश्नों में शामिल हो गया।

लॉर्ड्स में इस बार इंडिया मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 206/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। अर्जुन गावरे ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान मेजर माग्रे ने सिर्फ 19 गेंदों में नाबाद 63 रन ठोक दिए। सलामी बल्लेबाज साई आकाश ने भी 38 गेंदों पर 48 रन का अहम योगदान दिया।

इंग्लैंड 88 रन पर ढेर

206 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 13.4 ओवर में सिर्फ 88 रन पर ऑलआउट हो गई। हिलाल अहमद वानी ने चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि जयेश परमार ने सिर्फ दो ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। इंग्लैंड की ओर से जॉनी गेल सबसे ज्यादा 19 रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

भारत ने लॉर्ड्स में धमाकेदार जीत के साथ सात मैचों की सीरीज का अंत किया, हालांकि सीरीज इंग्लैंड ने 4-3 से अपने नाम की। इंग्लैंड ने शुरुआती 6 मुकाबलों में चार जीत दर्ज करके सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली थी। इसके बावजूद लॉर्ड्स की जीत भारत के लिए बेहद खास रही। 118 रन की जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया और फिर वही ऐतिहासिक बालकनी सेलिब्रेशन करके इस जीत को यादगार बना दिया।

यह भी पढ़ें:

जो रूट का बड़ा कारनामा, हेडिंग्ले टेस्ट में उतरते ही जैक कैलिस को पछाड़ा, स्टुअर्ट ब्रॉड की कर ली बराबरी

इंग्लैंड में दिखा अनोखा नजारा, 2 गेंदबाजों ने किया 5 विकेट हॉल लेने का कमाल, फिर मैच बॉल के हुए दो टुकड़े

Latest Cricket News