1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'इतनी मैच्योरिटी हजम नहीं हो रही'- अभिषेक शर्मा की शतकीय पारी के बाद गुरु युवराज सिंह का रिएक्शन आया सामने

'इतनी मैच्योरिटी हजम नहीं हो रही'- अभिषेक शर्मा की शतकीय पारी के बाद गुरु युवराज सिंह का रिएक्शन आया सामने

पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने 141 रनों की शानदार पारी खेली। उनके इस शतकीय पारी पर अभिषेक के मेंटोर युवराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।

Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : PTI अभिषेक शर्मा

12 अप्रैल 2025 को आईपीएल के 18वें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच एक धमाकेदार मुकाबला गया। इस मैच में SRH के युवा ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा ने शानदार शतक लगाया। अभिषेक ने हैदराबाद के मैदान पर 55 गेंदों में 141 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के लगाए। अभिषेक ने इस मैच में सिर्फ 40 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनके इस शतकीय पारी को देखने के बाद हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।

युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा की तारीफ में किया ये ट्वीट

अभिषेक की इस रिकॉर्ड तोड़ सेंचुरी पर भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह का रिएक्शन सामने आया है। युवी ने अभिषेक के लिए एक ट्वीट किया, जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। अभिषेक शर्मा जो अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग करने के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की, जिसे देखकर उनके गुरु युवराज काफी खुश हुए।

युवराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, वाह शर्मा जी के बेटे। 98 पर सिंगल और फिर 99 पर सिंगल। इतनी मैच्योरिटी हजम नहीं हो रही। बेहतरीन पारी खेली।'' उन्होंने आगे कहा, ''बहुत बढ़िया खेले ट्रैविस हेड। इन दोनों सलामी बल्लेबाजों को एकसाथ देखना शानदार है।'' अभिषेक के अलावा हेड ने भी 37 गेंदों में 66 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और तीन छक्के लगाए। अभिषेक और हेड ने पहले विकेट के लिए 171 रनों की पार्टनरशिप की। इन दोनों की साझेदारी ने मैच को एकतरफा बना दिया।

SRH vs PBKS मैच का हाल

मुकाबले की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए PBKS ने SRH के सामने 246 रनों का टारगेट रखा था, जिसे हैदराबाद की टीम ने 9 गेंद बाकी रहते चेज किया। यह आईपीएल के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज है। अभिषेक ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वहीं, हेड ने 31 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। इस मैच में दोनों ही टीमों के गेंदबाजों की जमकर कुटाई हुई। SRH के मोहम्मद शमी ने इस मैच में 4 ओवर में 75 रन लुटाए, यह आईपीएल के इतिहास का दूसरा सबसे महंगा स्पेल है।

यह भी पढ़ें

DC vs MI Dream11 Prediction: इस फॉर्मूले से बनाएं अपनी टीम, कप्तान के तौर पर चुनें ये प्लेयर

SRH ने अपने घर में रचा इतिहास, IPL में हासिल किया दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य, पंजाब को 8 विकेट से रौंदा

 

 

Latest Cricket News