1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA-C vs ENG-C: डिविलियर्स की विस्फोटक बल्लेबाजी, तूफानी शतक जड़कर अफ्रीका चैंपियंस को दिलाई जीत

SA-C vs ENG-C: डिविलियर्स की विस्फोटक बल्लेबाजी, तूफानी शतक जड़कर अफ्रीका चैंपियंस को दिलाई जीत

WCL 2025 में साउथ अफ्रीका चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस के बीच मुकाबला ग्रेस रोड, लीसेस्टर में खेला गया, जिसमें एबी डिविलियर्स ने शतक लगाया और अफ्रीका ने आसानी से जीत दर्ज कर ली।

ab de villiers- India TV Hindi
Image Source : GETTY एबी डिविलियर्स

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने इंग्लैंड चैंपियंस को 10 विकेट से हरा दिया। इस मैच में अफ्रीकी चैंपियंस के कप्तान एबी डिविलियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। फिर इंग्लैंड चैंपियंस की टीम सिर्फ 152 रनों पर सिमट गई। इसके बाद साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने 12.2 ओवर्स में ही टारगेट हासिल कर लिया। अफ्रीका के लिए डिविलियर्स ने शतक लगाया और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

एबी डिविलियर्स के शतक से मिली जीत

साउथ अफ्रीका चैंपियंस के लिए पारी की शुरुआत से ही एबी डिविलियर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने 51 गेंदों में 116 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 7 छक्के लगाए। उनके आगे इंग्लैंड के चैंपियंस के गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए और अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। हाशिम अमला ने 25 गेंदों में 29 रन बनाए। इन दोनों की वजह से ही अफ्रीका चैंपियंस की टीम ने आसानी से टारगेट चेज कर लिया।

फिल मस्टर्ड ने बनाए 39 रन

इंग्लैंड चैंपियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 152 रन बनाए थे। टीम की शुरुआत खराब रही, जब रवि बोपारा सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मोईन अली भी 10 रन बना सके और पवेलियन लौट गए। फिर स्मिथ पटेल (24 रन) और फिल मस्टर्ड ने कुछ देर विकेट पर टिकने की कोशिश की। मस्टर्ड ने 39 रन बनाए। इसके बाद इयोन मोर्गन के बल्ले से 20 रन निकले। टिम एम्ब्रोश ने 19 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम 150 रनों के पार पहुंची।

इमरान ताहिर ने लिए दो विकेट

साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम के लिए वेन पार्नेल और इमरान ताहिर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। डुआने ओलीवर और क्रिस मोरिस के खाते में एक-एक विकेट गया। इन गेंदबाजों ने इंग्लैंड चैंपियंस के बल्लेबाजों को खुलकर स्ट्रोक नहीं लगाने दिए और कसी हुई गेंदबाजी की।

यह भी पढ़ें:

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले ही 2 भारतीय खिलाड़ी बाहर, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

जोफ्रा ऑर्चर ने फेंकी ऐसी गेंद; हवा में उड़ता हुआ दूर जाकर गिरा स्टंप; फिर सेलिब्रेशन में लात भी मारी

Latest Cricket News