आयरलैंड के खिलाफ पहले T20I मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। स्कोरबोर्ड पर उनका नाम 50 रन के साथ दर्ज हो गया था और इसे उनके T20I करियर का एक और शानदार अर्धशतक माना जा रहा था। लेकिन मैच समाप्त होने के कुछ देर बाद आधिकारिक रिकॉर्ड में उनका स्कोर 50 से घटाकर 49 कर दिया गया। इस तरह उनका शानदार अर्धशतक रिकॉर्ड बुक से गायब हो गया।
बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में भारत 183 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहा था। अभिषेक ने सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था और अगली ही गेंद पर आउट हो गए। हालांकि, मैच के बाद स्कोरिंग रिव्यू के दौरान ऑफिशियल्स ने उनकी पारी से एक रन कम कर दिया।
अभिषेक का अर्धशतक रिकॉर्ड बुक से गायब
दरअसल, पारी के दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा ने आयरलैंड के गेंदबाज जय मूंदड़ा की गेंद पर एक रन लिया था। मैदान पर मौजूद अंपायर ने उस समय इसे बल्ले से बना रन माना था, लेकिन बाद में वीडियो और स्कोरिंग की जांच में पता चला कि गेंद पहले अभिषेक थाई पैड से लगी थी और फिर फाइन लेग की दिशा में चली गई थी। ऐसे में उस रन को बल्लेबाज के खाते में जोड़ने के बजाय लेग बाई घोषित कर दिया गया। इस एक बदलाव के कारण अभिषेक के निजी स्कोर से एक रन कम हो गया और उनका स्कोर 50 से घटकर 49 रन कर दिया। हालांकि, भारत के कुल स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ, क्योंकि वह रन टीम के खाते में पहले की तरह ही दर्ज रहा।
यह संशोधन ICC मेन्स T20I प्लेइंग कंडीशंस के तहत किया गया। नियमों के मुताबिक यदि मैच खत्म होने के बाद स्कोरिंग में कोई गलती सामने आती है, तो अंपायर दोनों टीमों के कप्तानों को सूचित कर आधिकारिक स्कोर में सुधार कर सकते हैं। यदि उस गलती का असर केवल व्यक्तिगत स्कोर पर पड़ता है और मैच के नतीजे पर नहीं, तब भी रिकॉर्ड को सही किया जाता है।
भारत की नजर दूसरे मैच में जीत पर
पहले मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई और शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन बाकी बल्लेबाज लय कायम नहीं रख सके। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और भारतीय टीम 183 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। नतीजतन, आयरलैंड ने 34 रन से बड़ी जीत दर्ज कर भारत को चौंका दिया। अब भारतीय टीम की नजर दूसरे और आखिरी T20I मुकाबले पर होगी, जहां उसे सीरीज बराबर करने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
यह भी पढ़ें:
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में टीम इंडिया को क्यों मिली हार? अभिषेक शर्मा ने बताया कारण
दूसरे T20I में डेब्यू कर सकते हैं वैभव सूर्यवंशी, आयरलैंड से हार के बाद भारतीय प्लेइंग 11 में होंगे बड़े बदलाव?
Latest Cricket News