1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिषेक शर्मा शतक पूरा करने के बाद क्यों बैठ गए ध्यान मुद्रा लगाकर? मैच के बाद उठाया इस खास सेलिब्रेशन से पर्दा

अभिषेक शर्मा शतक पूरा करने के बाद क्यों बैठ गए ध्यान मुद्रा लगाकर? मैच के बाद उठाया इस खास सेलिब्रेशन से पर्दा

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में अभिषेक शर्मा का बल्ले से गदर देखने को मिला जिसमें उन्होंने तूफानी शतकीय पारी खेली। वहीं अभिषेक ने सेंचुरी पूरी करने के बाद खास अंदाज में इसका जश्न भी मनाया।

Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : AFP अभिषेक शर्मा

भारतीय टीम के धाकड़ युवा ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के बल्ले से अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में रिकॉर्ड 30 गेंदों में शतकीय पारी देखने को मिली। अभिषेक जिनका इस साल बल्ले से काफी उतार-चढ़ाव भरा फॉर्म देखने को मिला है, उन्होंने शतक पूरा करने के बाद खास अंदाज में इसका सेलिब्रेशन मैदान पर किया। अभिषेक शर्मा ने जैसे ही अपनी सेंचुरी पूरी की उसके बाद वह ध्यान मुद्रा लगाकर मैदान पर बैठ गए जिसको देख सभी थोड़ी देर के लिए हैरान रह गए। अभिषेक शर्मा ने अपने इस खास सेलिब्रेशन से पर्दा मुकाबला खत्म होने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिलने के बाद दिए बयान में उठाया।

मेडिटेशन से मुझे सच में बहुत मदद मिली

अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में जब सिर्फ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया तो वह भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए, जिसमें उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने 34 गेंदों में शतक पूरा किया था। वहीं शतक पूरा करने के बाद अभिषेक शर्मा ने अपने सेलिब्रेशन स्टाइल को लेकर मुकाबला खत्म होने के बाद दिए बयान में कहा कि मैं पिछले छह महीने-एक साल से मेडिटेशन और ध्यान कर रहा हूं क्योंकि जब आप पूरे साल क्रिकेट खेलते हैं तो एक खिलाड़ी के तौर पर कई उतार-चढ़ाव भी देखते हैं। ऐसे में आप अपने मन को स्थिर कैसे रखते हैं? मुझे लगता है कि ध्यान लगाने से मुझे सच में बहुत मदद मिली और मैं बस यही चाहता था कि अगर कोई इसे देखे या किसी क्रिकेटर को लगे कि इससे सच में मुझे पिछले छह से आठ महीनों में मदद मिली है तो बस उसी के लिए यह खास सेलिब्रेशन था कि जो चीज मुझे स्थिर रखती है।

बस गेंद देखो और उसके हिसाब से खेलो

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में अभिषेक शर्मा का तीनों मुकाबलों में बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने कुल 229 रन भी बनाए। अभिषेक शर्मा को इसके लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला जिसके बाद उन्होंने अपने बयान में कहा कि मेरे लिए मैं किसी खास हिस्से तक सीमित नहीं रहना चाहता। बस गेंद को देखो और उसके हिसाब से खेलो। मेरे लिए यह पहले दिन से ही बहुत आसान रहा है। मैं बस जाकर खुलकर खेलना चाहता हूं और जबरदस्ती शॉट नहीं मारना चाहता। मैं बस गेंद को देखकर हिट करना चाहता हूं और आने वाले सभी मैचों में भी मेरे लिए यही तरीका रहेगा।

ये भी पढ़ें

 

अभिषेक शर्मा ने 26 साल की उम्र में कर ली विराट कोहली के बहुत बड़े रिकॉर्ड की बराबरी

संजू सैमसन ने छुआ बड़ा मुकाम, T20 क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बने

Latest Cricket News