1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिषेक शर्मा नहीं खेले फाइनल मैच, लेकिन टीम बनी चैंपियन, चेज किया 143 रन का टारगेट

अभिषेक शर्मा नहीं खेले फाइनल मैच, लेकिन टीम बनी चैंपियन, चेज किया 143 रन का टारगेट

अभिषेक शर्मा की टीम अमृतसर सूरमा पंजाब टी20 लीग के पहला सीजन का खिताब जीतने में कामयाब रही। उन्होंने फाइनल में लुधियाना लायंस को 8 विकेट से हराया।

Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : PTI अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा की टीम अमृतसर सूरमा ने शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के पहले सीजन की ट्रॉफी जीत ली है। फाइनल मैच में अमृतसर की टीम ने लुधियाना लायंस को 8 विकेट से करारी मात दी। हालांकि, टीम के रेगुलर कप्तान अभिषेक शर्मा भारतीय टीम की तरफ से अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में खेल रहे हैं, इसलिए वे इस फाइनल मैच में नहीं खेल पाए। लेकिन कप्तान के बिना मैदान में उतरने के बावजूद अमृतसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया।

लुधियाना लायंस के बल्लेबाजों ने फाइनल में किया निराश

फाइनल मैच की बात करें तो लुधियाना लायंस की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी, लेकिन उनकी शुरुआत बेहद खराब रही और 55 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते टीम के 5 बल्लेबाज आउट हो गए। इसके बाद पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 142 रन बनाकर ऑलआउट गई। लुधियाना के लिए अभिजीत गर्ग ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए, जबकि हरिश कुमार ने 22 और माधव पठानिया ने 21 रन का योगदान दिया। दूसरी तरफ, अमृतसर के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें मयंक मार्कंडेय ने 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। साहिल खान ने 2 विकेट चटकाए।

सहज धवन ने खेली मैच विनिंग पारी

जीत के लिए मिले 143 रनों के टारगेट को अमृतसर सूरमा की टीम ने आसानी से 8 विकेट रहते 16.4 ओवर में हासिल कर लिया। टीम की तरफ से सहज धवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 63 रन बनाए। उनका साथ देते हुए राहुल कुमार ने 30 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। इसके बाद नमन धीर ने सिर्फ 12 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 29 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। वहीं, लुधियाना की ओर से जसिंदर सिंह और कार्तिक को 1-1 विकेट मिला।

अभिषेक शर्मा ने वीडियो कॉल के जरिए दी टीम को बधाई

जब अमृतसर सूरमा की टीम फाइनल मैच खेल रही थी, तब उनके कप्तान अभिषेक शर्मा दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम के लिए चौकों-छक्कों की बरसात कर रहे थे। वहां उन्होंने 32 गेंदों में 82 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को 7 विकेट से जीत दिलाई। इसके बाद, जैसे ही पंजाब लीग का फाइनल मैच खत्म हुआ, अभिषेक ने तुरंत वीडियो कॉल करके अपनी टीम के खिलाड़ियों को चैंपियन बनने की बधाई दी।

यह भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा ने कर ली रोहित शर्मा की बराबरी, पहले ओवर में एक छक्का और बन जाएगा रिकॉर्ड

761 इंटरनेशनल विकेट लेने वाला गेंदबाज IPL कोचिंग में करेगा डेब्यू, दिल्ली कैपिटल्स ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

Latest Cricket News