1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 12 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त, बन गया नया इतिहास, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला अंग्रेज स्पिनर बना

12 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त, बन गया नया इतिहास, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला अंग्रेज स्पिनर बना

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में बड़ा कारनामा देखने को मिला है। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में नया कीर्तिमान बन गया है।

Adil Rashid- India TV Hindi
Image Source : GETTY इंग्लैंड क्रिकेट टीम

वेस्टइंडीज की टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर हैं। दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहला मैच 29 मई को बर्मिंघम में खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने 238 रनों से वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी। अब दूसरा मैच कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जा रहा है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 308 रनों पर ढेर हो गई। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। आदिल रशीद ने 10 ओवर में 63 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट में बड़ा कारनामा कर दिया।

दरअसल, आदिल रशीद इंग्लैंड की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने 12 साल पुराना ग्रीम स्वान का कीर्तिमान ध्वस्त किया। 2013 से ग्रीम स्वान के नाम इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर स्पिनर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज था। अब आदिल रशीद के नाम यह उपलब्धि दर्ज हो गई है।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लैंड के फिरकी गेंदबाज

  • आदिल रशीद - 412
  • ग्रीम स्वान - 410 
  • मोईन अली - 366
  • डेरेक अंडरवुड - 329
  • जॉन एम्बुरे - 223

यही नहीं, राशिद इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में 5वें पायदान पर पहुंच गए हैं। आदिल के करियर की बात की जाए तो उन्होंने इंग्लैंड के लिए 294 मैच खेले हैं और 412 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, ग्रीम स्वान ने 178 मैचों में 410 विकेट लेने का कारनामा किया था। 

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लिश गेंदबाज

  • जेम्स एंडरसन - 991
  • स्टुअर्ट ब्रॉड - 847
  • इयान बॉथम - 528
  • डैरेन गफ - 466
  • आदिल रशीद - 412
  • ग्रीम स्वान - 410 

गेंदबाजी में जहां आदिल रशीद ने कमाल किया तो वहीं जो रूट ने बल्ले से नया कीर्तिमान रच दिया। जो रूट अब इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इयोन मोर्गन को पीछे छोड़ दिया है। मोर्गन ने 225 वनडे मैचों में 6957 रन बनाए थे। रूट के पास अब वनडे में 7 हजार रन पूरे करने का शानदार मौका है। 

Latest Cricket News