AFG vs CAN T20 World Cup: अफगानिस्तान ने कनाडा की टीम को दी मात, 82 रनों से जीता मुकाबला
AFG vs CAN T20 World Cup 2026: अफगानिस्तान की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने आखिरी मुकाबले में कनाडा के खिलाफ 82 रनों से जीत हासिल करने के साथ टूर्नामेंट में अपने सफर का अंत शानदार तरीके से किया है।
AFG vs CAN T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 19 फरवरी के दिन का तीसरा और आखिरी मुकाबला अफगानिस्तान और कनाडा की टीम के बीच में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को अफगानिस्तान की टीम एकतरफा 82 रनों से अपने नाम करने के साथ टूर्नामेंट में अपने सफर का अंत शानदार तरीके से करने में कामयाब रही। इस मुकाबले में कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफनागिस्तान की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 200 रनों का स्कोर बनाया था। अफगानिस्तान को इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनिंग बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिसमें उन्होंने 56 गेंदों में 95 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें वह 7 चौके और 5 छक्के लगाने में कामयाब रहे। इसके अलावा सादिकुल्लाह अटल ने 44 जबकि रहमनुल्लाह गुरबाज के बल्ले से 30 रनों की पारी देखने को मिली। कनाडा की तरफ से गेंदबाजी में जसकरन सिंह ने थोड़ा बेहतर प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स में 52 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए, इसके अलावा दिलोन हेलीगर ने एक विकेट हासिल किया।
टारगेट का पीछा करने के लिए उतरी कनाडा टीम की शुरुआत ही काफी खराब देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 25 के स्कोर पर ही अपना पहला विकेट कप्तान दिलप्रीत बाजवा के रूप में गंवा दिया जो 13 रन बनाकर आउट हुए। वहीं इसके बाद कनाडा टीम के लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला, जिसमें एक समय उन्होंने 48 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था। इसके बाद साद बिन जफर ने 28 रनों की पारी खेलने के साथ टीम के स्कोर को 100 के पार जरूर पहुंचा दिया। कनाडा की टीम ने 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 118 रनों का स्कोर बनाया। अफगानिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद नबी का कमाल देखने को मिला, जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 7 रन देने के साथ चार विकेट हासिल किए। इसके अलावा कप्तान राशिद खान ने 2 जबकि मुजीब उर रहमान और अजमतुल्लाह ओमारजई ने 1-1 विकेट हासिल किया।
अफगानिस्तान और कनाडा मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
अफगानिस्तान - रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेट कीपर), इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नायब, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), मुजीब उर रहमान, जियाउर रहमान शरीफी, अब्दुल्ला अहमदजई।
कनाडा - युवराज सामरा, दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), नवनीत धालीवाल, हर्ष ठाकर, निकोलस किर्टन, श्रेयस मोव्वा (विकेटकीपर), साद बिन जफर, दिलोन हेलीगर, जसकरन सिंह, कलीम सना, अंश पटेल।
