1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगानिस्तान करेगा टीम इंडिया की मेजबानी! दिल्ली में खेली जाएगी 3 मैचों की T20I सीरीज

अफगानिस्तान करेगा टीम इंडिया की मेजबानी! दिल्ली में खेली जाएगी 3 मैचों की T20I सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच T20I सीरीज को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सितंबर में दोनों टीमों के बीच दिल्ली में 3 T20I मुकाबले खेले जाने की संभावना है।

IND vs AFG- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम अफगानिस्तान

भारत और अफगानिस्तान के बीच पिछले महीने एकमात्र टेस्ट और 3 मैचों की ODI सीरीज खेली गई थी। 6 जून से 20 जून के बीच कुल 4 मुकाबले खेले गए थे, जिसमें अफगानिस्तान की टीम एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई थी। अब एक बार फिर दोनों टीमों के बीच भिड़ंत देखने को मिलने जा रही है। दरअसल, सितंबर में भारत और अफगानिस्तान 3 मैचों की T20I सीरीज खेले जाने की संभावना है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर में दिल्ली में सीरीज के तीनों मुकाबले खेले जाएंगे।

दिल्ली में तीनों मैचों का आयोजन

क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सीरीज अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाने की संभावना है, लेकिन मैचों की तारीखों का आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया है। यह पहली बार होगा जब कोई टीम भारतीय जमीन पर टीम इंडिया की मेजबानी करेगी, क्योंकि अफगानिस्तान कुछ समय से अपने घरेलू मैच भारत में ही खेल रहा है। उन्होंने लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में घरेलू मैच खेले हैं।

भारत के लिए यह सीरीज श्रीलंका के टेस्ट दौरे और एशियन गेम्स के बीच प्रस्तावित है। एशियन गेम्स सितंबर के आखिर में जापान में शुरू होंगे। श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट 27 अगस्त को खत्म होगा, जो अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I से दो हफ्ते से भी ज्यादा पहले है। एशियन गेम्स 24 सितंबर से शुरू होंगे, जो तीसरे T20I के एक हफ्ते के बाद है। अफगानिस्तान और भारत ने जून में एक टेस्ट और तीन ODI मैच खेले थे, जो अफगानिस्तान के लिए विदेशी दौरा था। भारत ने न्यू चंडीगढ़ में तीसरे दिन ही एक पारी और 300 रनों से टेस्ट मैच जीता और फिर ODI सीरीज 3-0 से अपने नाम की।

जिम्बाब्वे के दौरे पर भारतीय टीम

गौरतलब है कि मौजूदा T20 चैंपियन होने के बावजूद हाल के समय में व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन खराब रहा है। जून के आखिरी हफ्ते में बेलफास्ट में आयरलैंड से दो T20I हारने के तुरंत बाद भारत इंग्लैंड में T20I सीरीज 4-0 से हार गया और फिर ODI सीरीज में 2-1 से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। भारत अभी तीन मैचों की सीरीज के लिए जिम्बाब्वे में है। इस साल की शुरुआत में भारत में हुए T20 वर्ल्ड कप के बाद से अफगानिस्तान ने कोई T20I मैच नहीं खेला है। उस वर्ल्ड कप में उन्होंने अपने चार में से दो मैच जीते थे और सुपर-8 में जगह बनाने से चूक गए थे।

यह भी पढ़ें:

अफगानिस्तान को लगा बड़ा झटका, हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे कप्तानी छोड़ने का लिया फैसला

अफगान टीम को मिला नया कप्तान, रहमत शाह जुरमती संभालेंगे ODI और टेस्ट टीम की कमान

Latest Cricket News