1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगान टीम को मिला नया कप्तान, रहमत शाह जुरमती संभालेंगे ODI और टेस्ट टीम की कमान

अफगान टीम को मिला नया कप्तान, रहमत शाह जुरमती संभालेंगे ODI और टेस्ट टीम की कमान

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के नेतृत्व में बदलाव हो गया है। अफगानिस्तान को ODI और टेस्ट टीम का नया कप्तान मिल गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह जानकारी दी।

Rahmat Shah AFG- India TV Hindi
Image Source : AFP रहमत शाह

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी ACB ने बड़ा ऐलान किया है। रहमत शाह जुरमती को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। हशमतुल्लाह शाहिदी के 21 जुलाई की शाम इस्तीफा देने के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अनुभवी मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज रहमत शाह जुरमती को अफगानिस्तान का नया टेस्ट और ODI कप्तान नियुक्त किया गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक्स पर यह जानकारी दी। बोर्ड  ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज दोनों फॉर्मेट में उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।

रहमत शाह पिछले कई सालों से अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। वह 31 मई 2021 से टेस्ट और ODI टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब उन्हें पूर्णकालिक कप्तान बनाकर बोर्ड ने उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया है।

हशमतुल्लाह की कप्तानी में अफगानिस्तान जीता 27 ODI

बता दें, हशमतुल्लाह शाहिदी ने 31 मई 2021 को अफगानिस्तान की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने जनवरी 2022 में नीदरलैंड्स के खिलाफ ODI सीरीज जीतकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने 55 ODI मुकाबलों में 27 जीत दर्ज की और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई।

शाहिदी के कार्यकाल का सबसे यादगार पल ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 रहा, जहां अफगानिस्तान ने कई दिग्गज टीमों को चौंका दिया। टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स को हराकर पॉइंट्स टेबल में छठा स्थान हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भी क्वालिफाई किया। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पहली बार खेलने उतरी अफगानिस्तान टीम ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। शाहिदी की कप्तानी में टीम ने इंग्लैंड पर यादगार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में पांचवें स्थान पर रहते हुए अपनी छाप छोड़ी।

अब रहमत शाह और रहमानुल्लाह गुरबाज की नई नेतृत्व जोड़ी अफगानिस्तान की आगामी आयरलैंड सीरीज से अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेगी। क्रिकेट फैंस की नजर इस बात पर होगी कि रहमत शाह की कप्तानी में अफगानिस्तान अपनी हालिया सफलता को आगे बढ़ाते हुए इंटरनेशनल मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंच पाता है या नहीं।

5 अगस्त से आयरलैंड दौरे का आगाज

अफगान क्रिकेट टीम ने हाल ही में भारत का दौरा किया था। इस दौरे पर अफगानिस्तान को एक भी मैच में जीत हासिल नहीं हुई थी। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला गया था, जिसमें अफगान टीम को पारी और 300 रनों से करारी शिकस्त मिली थी। वहीं, 3 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। अब अफगानिस्तान की टीम अगस्त में आयरलैंड का दौरा करेगी। इस दौरे का 5 अगस्त से आगाज होगा। दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी, जिसका समापन 14 अगस्त को होगा।

यह भी पढ़ें:

IND vs AFG: टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को तीसरे वनडे में दी 9 विकेट से मात, सीरीज में किया क्लीन स्वीप

ICC की पॉलिसी पर भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स, अफगानिस्तान से टेस्ट स्टेटस वापस लेने की वकालत की

Latest Cricket News