1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम का साथ छोड़ देगा ये कोच, बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम का साथ छोड़ देगा ये कोच, बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला

2026 में टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले अफगनिस्तान टीम के हेड कोच जोनाथन ट्रॉट ने बड़ा फैसला लिया है।

Jonathan Trott- India TV Hindi
Image Source : AP जोनाथन ट्रॉट

2026 में टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से ठीक 3 महीने पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कोच जोनाथन ट्रॉट ने एक बड़ा फैसला लिया है। टी-20 वर्ल्ड कप के खत्म होने के बाद जोनाथन ट्रॉट का हेड कोच के तौर पर कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। ट्रॉट 2022 में अफगानिस्तान टीम के हेड कोच बने थे। उनके कार्यकाल में अफगानिस्तान टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था।

अपने फैसले को लेकर जोनाथन ट्रॉट ने क्या कहा?

अपने इस फैसले को लेकर जोनाथन ट्रॉट ने कहा कि अफगानिस्तान की राष्ट्रीय टीम के साथ काम करना और उनके जुनून, दृढ़ता और महानता हासिल करने की उनकी भूख को देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। हमने साथ मिलकर जो हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है और मैं हमेशा अफगान क्रिकेट का सपोर्टर बना रहूंगा। मैं टीम और अफगान फैंस के लिए आने वाले वर्षों में निरंतर सफलता की कामना करता हूं। ट्रॉट के मार्गदर्शन में अफगानिस्तान की टीम ने पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है। 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में टीम पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। उस वर्ल्ड कप में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड जैसी बड़ी टीमों को हराया था।

ट्रॉट ने की थी ACB की आलोचना

आपको बता दें कि हाल ही में ट्रॉट ने मिसकम्युनिकेशन के लिए एसीबी की आलोचना की थी और कहा था कि टीम सेलेक्शन में उनकी कोई भूमिका नहीं थी और उन्होंने टॉप मैनेजमेंट या मुख्य चयनकर्ता से बात नहीं की थी। हालांकि, ट्रॉट ने बाद में पुष्टि की कि एसीबी के साथ किसी भी तरह की गलतफहमी अब दूर हो गई है। वह अब बोर्ड के अधिकारियों के साथ मिलकर अच्छे से काम कर रहे हैं।

ACB के अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मीरवाइस अशरफ ने कहा कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से, मैं जोनाथन ट्रॉट के प्रति उनकी समर्पित सेवा और हमारी राष्ट्रीय टीम में लाए गए पेशेवर रवैये के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। उनके प्रयासों ने अफगानिस्तान क्रिकेट के विकास के एक महत्वपूर्ण दौर में योगदान दिया है और हम उनके भविष्य के प्रयासों में उनकी सफलता की कामना करते हैं।

यह भी पढ़ें

ऋचा घोष ने वर्ल्ड कप में किया बड़ा कारनामा, इस मामले में कर ली दो दिग्गजों की बराबरी

ICC Rankings: वर्ल्ड कप जीत के बाद कैसी है टीम इंडिया की रैंकिंग, ये टीमें अभी भी आगे

Latest Cricket News