हांगकांग सुपर सिक्सेस 2026 टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मिशन रोड ग्राउंड, मोंग कोक में एक नवंबर को अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम के बीच में खेला गया। गुलबदीन नईब की कप्तानी में खेलने पहुंची अफगानिस्तान की टीम खिताबी मैच में इतिहास रचने में कामयाब रही जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से मात देने के साथ पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। इस फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 115 रनों का स्कोर बनाया था। वहीं अफगानिस्तान की टीम ने 5.1 ओवर्स में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर टारगेट को हासिल करने के साथ फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को धूल चटा दी।
इमरान नजीर की 14 गेंदों में 53 रनों की पारी ने निभाई अहम भूमिका
अफगानिस्तान को हांगकांग सुपर सिक्सेस के फाइनल मुकाबले में इमरान नजीर की पारी ने अहम भूमिका अदा की। 115 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी अफगान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 15 के स्कोर पर करीम जनत के रूप में गंवा दिया तो वहीं 32 के स्कोर पर कप्तान गुलबदीन नईब भी 17 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। यहां से बल्लेबाजी करने उतरे इमरान नजीर ने न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया। इमरान नजीर की ताबड़तोड़ पारी के दम पर अफगानिस्तान ने सिर्फ 5.1 ओवर्स में ही मुकाबले को अपने नाम कर लिया तो वहीं नजीर के बल्ले से 14 गेंदों में 7 छक्के और 2 चौके सहित कुल 53 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। वहीं फरमाउल्लाह सैफी ने भी 26 रनों की अहम पारी खेली जिसमें उनके और इमरान नजीर के बीच में तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी देखने को मिली।
ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका को भी अफगानिस्तान ने दी थी मात
अफगान टीम का हांगकांग सुपर सिक्सेस में ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल तक अजेय अभियान जारी देखने को मिला, जिसमें उन्होंने ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका को मात देने में कामयाबी हासिल की थी और उस मुकाबले को अफगानिस्तान ने 3 विकेट से जीता था। इसके बाद ओमान की टीम को 4 विकेट से मात देने के साथ सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का किया था। अफगानिस्तान की टीम का सेमीफाइनल में सामना स्कॉटलैंड से हुआ था और उन्होंने उस मुकाबले को 21 रनों के अंतर से जीता था।
ये भी पढ़ें
ईशान किशन ने T20I में चकनाचूर किया सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, बने एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय
मिचेल सैंटनर ने रचा इतिहास, बने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाले खिलाड़ी
Latest Cricket News