टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के साथ अब द्विपक्षीय सीरीज का भी आगाज होना शुरू हो गया है, जिसमें बांग्लादेश की टीम अपने घर पर पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। वहीं अफगानिस्तान की टीम जिनका टी20 वर्ल्ड कप में कोई खास प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था, उन्हें 13 मार्च से यूएई में श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी थी, लेकिन अब मिडिल ईस्ट के हालात को देखते हुए इस सीरीज को अनिश्चितकाल के लिए टालने का फैसला लिया गया है।
व्हाइट-बॉल सीरीज को पोस्टपोन करने का लिया गया फैसला
अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच इस लिमिटेड ओवर्स द्विपक्षीय सीरीज के शेड्यूल का ऐलान काफी पहले कर दिया गया था, जिसको लेकर अफगान क्रिकेट बोर्ड ने अपने स्क्वाड की भी घोषणा कर दी थी। अब सीरीज को टालने का ऐलान अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से ही किया गया है। क्रिकबज को अफगान क्रिकेट बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव नसीब खान ने दिए अपने बयान में कहा कि "हाँ, श्रीलंका के खिलाफ आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज को हमने पोस्टपोन कर दिया है। हमने इन मैचों को श्रीलंका में कराने के लिए दूसरा ऑप्शन भी देखा और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ लगातार संपर्क में रहे। हालांकि, उस समय UAE से श्रीलंका के लिए कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा, इतने कम समय में प्रोडेक्शन, होटल, ग्राउंड बुकिंग और सिक्योरिटी का इंतजाम करना काफी चैलेंजिंग था। इसलिए हमने आखिर में इस सीरीज को टालने का फैसला लिया।
साल के आखिर में खेली जाएगी अब ये सीरीज
अफगान क्रिकेट बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव नसीब खान ने इस सीरीज को टालने के फैसले के साथ ये भी जानकारी दी कि इसे अब साल के आखिरी में कराने की योजना बनाई जाएगी। बता दें कि टी20 सीरीज में अफगानिस्तान टीम नए कप्तान इब्राहिम जादरान के नेतृत्व में खेलने वाली थी, जिनको वर्ल्ड कप में कप्तानी करने वाले राशिद खान की जगह पर नया कप्तान नियुक्त किया गया था, जिनके नेतृत्व में टीम का सफर टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया था। बता दें कि इस सीरीज के टाले जाने से पहले पिछले हफ्ते, नेपाल में ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के छह मैच, जिसमें ओमान, UAE की टीम भी शामिल थी, उन्हें भी स्थगित करने का फैसला लिया गया था।
ये भी पढ़ें
IPL 2026: सीजन के पहले ही मुकाबले में होगा बड़ा धमाका, इन दो टीमों के बीच मैच
हार्दिक पांड्या ने की एमएस धोनी की बराबरी, इस रिकॉर्ड लिस्ट में हैं अब सिर्फ रोहित शर्मा से पीछे
Latest Cricket News