1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी के बाद अब बिहार की 15 साल की बेटी ने दिखाया मैदान पर कमाल, 126 गेंदों में ठोक दिए 306 रन

वैभव सूर्यवंशी के बाद अब बिहार की 15 साल की बेटी ने दिखाया मैदान पर कमाल, 126 गेंदों में ठोक दिए 306 रन

वैभव सूर्यवंशी जहां क्रिकेट मैदान पर अपने प्रदर्शन जमकर सुर्खियां बटोर रहे हैं तो वहीं अब बिहार की 15 साल की बेटी अक्षरा गुप्ता ने महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी टूर्नामेंट में सिर्फ 126 गेंदों में नाबाद 306 रन बनाकर सनसनी मचा दी है।

akshara gupta- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/AKSHARA GUPTA अक्षरा गुप्ता

वैभव सूर्यवंशी जहां सिर्फ 15 साल की उम्र में क्रिकेट जगत को अपनी प्रतिभा से हैरान करने के साथ भविष्य के सुपरस्टार खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। वहीं अब बिहार से एक और खिलाड़ी ने 15 साल की उम्र में अपने बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया है जिसकी चर्चा हर तरह देखने को मिल रही है। बिहार महिला अंडर-19 वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में सीमावर्ती शहर रक्सौल की रहने वाली 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने सिर्फ 126 गेंदों में 306 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ सभी को हैरान कर दिया है। अक्षरा की इस पारी को बिहार क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अक्षरा बिहार महिला क्रिकेट में इतनी कम उम्र में तिहरा शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गई हैं।

अपनी पारी में अक्षरा ने लगाए 55 चौके और 8 छक्के

बिहार महिला अंडर-19 वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान पर खेले गए मुकाबले में अक्षरा गुप्ता का आक्रामक अंदाज देखने को मिला जिसमें उन्होंने क्रीज पर कुल 233 मिनट की अपनी बल्लेबाजी में जहां कुल 126 गेंदों का सामना किया। इस दौरान अक्षरा गुप्ता ने जहां 306 रनों की नाबाद पारी खेली तो वहीं उनके बल्ले से 55 चौके और 8 छक्के भी देखने को मिले। अक्षरा गुप्ता के बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 242.08 का देखने को मिला, जिसमें अक्षरा ने अपनी इस पारी में कुल 268 रन बाउंड्री की मदद से बना दिए। अक्षरा की इस पारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था। अपनी इस पारी के दम पर अक्षरा भारतीय घरेलू महिला क्रिकेट में उन चुनिंदा प्लेयर्स में शामिल हो गई हैं जो तिहरा शतक लगाने में कामयाब हो सकी हैं। घरेलू क्रिकेट में एक वनडे में महिला प्लेयर्स के सर्वाधिक स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह मुंबई की ईरा गुप्ता के नाम पर है जिन्होंने 346 रनों की पारी खेली है।

भारतीय टीम में अब एंट्री का इंतजार

अक्षरा गुप्ता ने जिस तरह से सिर्फ 15 साल की उम्र में 306 रनों की पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय सभी को दिया है, उसके बाद अब आने वाले समय में उनको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं। वैभव सूर्यवंशी की तरह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाली अक्षरा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नेट्स में अपनी बैटिंग के कई वीडियो पोस्ट किए हैं जिसमें वह जमकर अभ्यास कर रहीं हैं। अक्षरा गुप्ता क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में बिहार की टीम से खेलने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी हैं।

ये भी पढ़ें

दुनिया के बेहतरीन फील्डर ने बल्ले से जमाया रंग, पहली बार टेस्ट क्रिकेट में ठोकी सेंचुरी

वैभव सूर्यवंशी पर क्या होगा कोई एक्शन! बीसीसीआई ने पूरी तस्वीर से हटा दिया पर्दा

Latest Cricket News