1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC फाइनल के हीरो को मिला पुरस्कार, सभी को प​छाड़कर जीता ICC अवार्ड

WTC फाइनल के हीरो को मिला पुरस्कार, सभी को प​छाड़कर जीता ICC अवार्ड

आईसीसी ने जून महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ के नाम का ऐलान कर दिया है। इस बार साउथ अफ्रीका के एडन मारक्रम ने इस अवार्ड को अपने नाम किया है।

Aiden Markram- India TV Hindi
Image Source : GETTY एडन मारक्रम

ICC Player of the Month: साउथ अफ्रीका की टीम ने लंबे समय बाद किसी आईसीसी खिताब को अपने नाम किया है। बीच बीच में टीम इसके करीब तो पहुंच रही, लेकिन आखिरी वक्त में चूक जा रही थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने की साउथ अफ्रीका की खुशी इसलिए भी दोगुनी हो गई थी, क्योंकि टीम ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को पछाड़ा था। इस जीत के हीरो सही मायनों में एडन मारक्रम रहे। जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी के साथ साथ गेंदबाजी में भी अपना योगदान दिया। 

एडन मारक्रम बने आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप विजेता बनने के बाद अब साउथ अफ्रीका के शानदार खिलाड़ियों में से एक एडन मारक्रम को आईसीसी ने प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए चुना है। इससे पहले आईसीसी ने तीन खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया था, लेकिन अब विजेता के नाम का भी ऐलान कर दिया गया है। बाकी दो खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए मारक्रम विजेता बनकर सामने आए हैं। मारक्रम को जून महीने के लिए ये अवार्ड दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में एडन मारक्रम ने न केवल 136 रनों की बेहतरीन पारी खेली, बल्कि दो विकेट भी अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। 

एडन मारक्रम में अवार्ड पर जताई खुशी 

साउथ अफ्रीका की टीम ने करीब 27 साल बाद किसी आईसीसी खिताब को जीतने में सफलता हासिल की है। इसलिए इसकी अहमियत और भी बढ़ जाती है। अवार्ड जीतने के बाद एडन मारक्रम ने इस पर खुशी जाहिर की है, उन्होंने कहा कि ये एक सम्मान की बात है। उनका कहना है कि लॉर्ड्स में फाइनल जीतना साउथ अफ्रीका क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण था, जिसे आने वाले कई साल तक याद रखा जाएगा। 

फाइनल में मारक्रम ने किया कमाल

बल्लेबाजी के लिए एडन मारक्रम जाने ही जाते हैं, लेकिन अक्सर वे गेंदबाजी में भी कमाल करते हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जब स्टीव स्मिथ और ब्यू वेबस्टर की जोड़ी अच्छी बल्लेबाजी कर रही थी, तभी मारक्रम ने आकर स्मिथ को आउट कर ऑस्ट्रेलियाई खेमे में हलचल मचा दी। ये एक ऐसा विकेट था, जिससे मैच अचानक से साउथ अफ्रीका की ओर झुकता हुआ नजर आ रहा था। फाइनल मैच की पहली पारी में मारक्रम बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की और अपनी टीम केा जीत दिलाने में बड़ी भूमिका अदा की। 

Latest Cricket News