1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. BCCI से अजीत अगरकर की हुई छुट्टी, बोर्ड ने चीफ सिलेक्टर पद के लिए मंगवाए नए आवेदन

BCCI से अजीत अगरकर की हुई छुट्टी, बोर्ड ने चीफ सिलेक्टर पद के लिए मंगवाए नए आवेदन

BCCI ने 6 अक्टूबर को सोशल मीडिया के जरिए चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के कार्यकाल खत्म होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। इसके साथ ही बोर्ड ने सिलेक्शन कमिटी में खाली हुए इस पद के लिए नए आवेदन मंगाए हैं।

Ajit Agarkar- India TV Hindi
Image Source : PTI अजीत अगरकर

पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर का भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर के रूप में कार्यकाल मंगलवार को खत्म हो गया है और उन्होंने इसे आगे बढ़ाने से मना कर दिया था। बीसीसीआई (BCCI) ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी है। अगरकर की जगह सिलेक्शन कमिटी में नया सदस्य चुनने के लिए बीसीसीआई ने नए आवेदन मंगवाए हैं, जिन्हें भरने की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर है।
अजीत अगरकर के हटने के बाद अब पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को कुछ समय के लिए अंतरिम चीफ सिलेक्टर बनाया गया है।

ओझा करेंगे सिलेक्शन कमिटी की अगुवाई

न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी-20, वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम चुनने की मीटिंग की अगुवाई अब ओझा ही करेंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए टीम चुनना अगरकर का आखिरी काम था, और उनके रहते भारतीय टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। अब देखना ये होगा कि अजीत अगरकर के जाने के बाद बीसीसीआई किसे अगला चीफ सिलेक्टर नियुक्त करता है।

अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया का प्रदर्शन

अगरकर के रहते भारतीय टीम ने कई बड़ी कामयाबी हासिल की। टीम 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची, 2024 और 2026 का टी20 वर्ल्ड कप जीता, और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की। इस बीच रोहित शर्मा को लेकर कई अफवाहें उड़ी थीं, जिन्हें बीसीसीआई ने खारिज कर दिया था। बाद में बीसीसीआई की एक खास मीटिंग में अगरकर के शामिल न होने से यह साफ हो गया था कि अब वह इस पद पर आगे काम नहीं करना चाहते।

कौन कौन कर सकते हैं पद के लिए आवदेन?

बीसीसीआई के मुताबिक नए सदस्य का काम तीनों फॉर्मेट के लिए भारतीय टीम चुनना, नए खिलाड़ियों को तैयार करना और मैचों में उनके खेल पर नजर रखना होगा। इस पद के लिए वही लोग अर्जी दे सकते हैं जिन्होंने कम से कम 7 टेस्ट मैच या 30 फर्स्ट क्लास मैच खेले हों, या फिर 10 वनडे और 20 फर्स्ट क्लास मैच खेले हों। साथ ही, उम्मीदवार को क्रिकेट से संन्यास लिए कम से कम 5 साल पूरे हो चुके होने चाहिए।

यह भी पढ़ें

सूर्यकुमार यादव को क्यों किया गया रणजी टीम से बाहर? MCA के अधिकारी ने बताया असली कारण

IND vs WI पहले टी20 में नमन धीर का हुआ डेब्यू, 9 दिनों के भीतर भारत के लिए खेले दो अलग-अलग फॉर्मेट

Latest Cricket News