A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आकाश दीप ने मिट्टी में मिलाया 39 साल पुराना रिकॉर्ड, 10 विकेट लेकर रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान

आकाश दीप ने मिट्टी में मिलाया 39 साल पुराना रिकॉर्ड, 10 विकेट लेकर रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान

आकाश दीप ने इंग्लैंड में बेहतरीन गेंदबाजी का नमूना पेश किया है। उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर इंग्लैंड की बैंड बजा दी।

akash deep- India TV Hindi
Image Source : GETTY आकाश दीप

भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम को 336 रनों से हरा दिया। इस मैच में भारतीय टीम के लिए आकाश दीप ने कमाल की गेंदबाजी की और वह इंग्लैंड के बल्लेबाजों के काल बने रहे। उनके आगे इंग्लैंड के बल्लेबाजों की एक ना चली। वह भारत की जीत में बड़े नायक बनकर उभरे। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए।

मैच में हासिल किए 10 विकेट

आकाश दीप ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में चार विकेट हासिल किए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उनका प्रदर्शन और निखरकर सामने आया और 6 विकेट झटके। उनके सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरसते रहे। अंग्रेज बल्लेबाजों को समझ ही नहीं आया कि उनकी गेंदों को किस तरह से खेलें।

आकाश दीप ने किया बड़ा कमाल

आकाश दीप ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में कुल 41.1 ओवर्स में 187 रन देकर 10 विकेट हासिल किए। इसी के साथ वह इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच में बेस्ट बॉलिंग फिगर्स वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने चेतन शर्मा से ताज छीन लिया है। इससे पहले भारत के लिए ये रिकॉर्ड चेतन शर्मा के नाम था। चेतन ने साल 1986 में इंग्लैंड में टेस्ट मैच में 53.3 ओवर्स की गेंदबाजी करते हुए कुल 188 रन लुटाए थे और 10 विकेट हासिल किए। अब 39 साल बाद आकाश दीप ने उन्हें पीछे किया है। 

भारत के लिए खेले हैं 8 टेस्ट मैच

आकाश दीप ने भारतीय टेस्ट टीम के लिए साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ ही डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने टीम के लिए 8 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और 25 विकेट हासिल किए हैं और इस दौरान उन्होंने एक बार पांच विकेट हॉल अपने नाम किया था। अभी तक उन्हें वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने का मौका नहीं मिल पाया है।

भारत ने बर्मिंघम में जीता पहला टेस्ट

भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को बर्मिंघम में 336 रनों से हराकर सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। भारतीय टीम पहली ऐसी एशियन टीम बन गई है, जिसने बर्मिंघम में कोई टेस्ट मैच जीता है। मैच में भारत के लिए शुभमन गिल, आकाश दीप, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें:

WTC Points Table में फेरबदल, जीत के बाद भारत को फायदा; इंग्लैंड को हुआ नुकसान

जीत के बाद गदगद हुए कप्तान गिल, इस खिलाड़ी की तारीफ में खोला दिल, बुमराह के लिए कही ये बात

Latest Cricket News