1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने वर्ल्ड कप में गेंद से मचाया तहलका, 7 विकेट लेने के साथ चकनाचूर किया 43 साल पुराना रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने वर्ल्ड कप में गेंद से मचाया तहलका, 7 विकेट लेने के साथ चकनाचूर किया 43 साल पुराना रिकॉर्ड

AUS-W vs SA-W: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के लेग स्पिनर अलाना किंग का साउथ अफ्रीका के खिलाफ महिला वनडे वर्ल्ड कप मैच में गेंद से कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने 7 ओवर्स की अपनी गेंदबाजी में सिर्फ 18 रन देने के साथ 7 विकेट हासिल किए।

Alana King- India TV Hindi
Image Source : GETTY अलाना किंग

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलियाई टीम का लीग स्टेज में पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला, जिसमें उनके बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ 25 अक्टूबर को इंदौर के स्टेडियम में खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के लेग स्पिनर अलाना किंग ने अपने नाम एक बड़ा कीर्तिमान दर्ज करवा लिया, जिसमें वह 43 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रही। अलाना अब महिला वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में एक मैच में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाली गेंदबाज बन गई हैं।

अलाना ने 7 विकेट हासिल करने के साथ रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका महिला टीम इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जिसमें 32 रनों पर उन्होंने अपना पहला विकेट गंवाया। इसके बाद जब उनका स्कोर 42 रन पहुंचा तो उस समय गेंदबाजी करने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अलाना किंग को लगाया गया जिन्होंने आते ही विकेट निकालना शुरू कर दिया। अलाना ने अपने पहले चार विकेट बिना कोई रन दिए ही हासिल कर लिए। इसके बाद वह तीन और विकेट लेने में कामयाब रही, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने साउथ अफ्रीका को सिर्फ 97 के स्कोर पर समेट दिया। अलाना ने अपने 7 ओवर्स की गेंदबाजी में सिर्फ 18 रन देने के साथ 7 विकेट हासिल किए, इसी के साथ अलाना महिला वनडे विश्व कप इतिहास में एक मैच में 7 विकेट चटकाने वाली पहली गेंदबाज बन गई। अलाना से पहले महिला वनडे वर्ल्ड कप के एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड महिला टीम की गेंदबाज जैकी लॉर्ड के नाम था जिन्होंने साल 1982 में भारतीय महिला टीम के खिलाफ मैच में 10 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे।

एलिस पेरी के रिकॉर्ड को भी अलाना ने किया ध्वस्त

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की तरफ से वनडे मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड भी अब अलाना किंग के नाम पर दर्ज हो गया है, जिसमें उन्होंने एलिस पेरी के रिकॉर्ड को तोड़ा है। पेरी ने साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में 22 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे, जिसे अलाना ने अब पीछे छोड़ दिया है। वहीं अलाना का ये वनडे में दूसरा 5 विकेट हॉल है, जिसमें वह ये कारनामा करने वाली ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं, जिसमें उनसे पहले लिन फुलस्टन और जेस जोनासेन ने 2-2 बार ये कारनामा किया है।

ये भी पढ़ें

टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सपने को किया चकनाचूर, सिडनी में 9 साल बाद किया ये कारनामा

इंदौर में ऑस्ट्रेलिया की 2 क्रिकेटर्स के साथ बदसलूकी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Latest Cricket News