1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पहली बार चेज हुए इतने रन, इस खिलाड़ी ने खेली नाबाद 179 रनों की पारी

ODI क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पहली बार चेज हुए इतने रन, इस खिलाड़ी ने खेली नाबाद 179 रनों की पारी

वनडे क्रिकेट के इतिहास में नया कीर्तिमान बन गया है। न्यूजीलैंड महिला टीम ने सबसे बड़ा स्कोर चेज करने में कामयाबी हासिल की है। कप्तान अमेलिया कर ने धमाकेदार बल्लेबाजी की।

Amelia Kerr- India TV Hindi
Image Source : AP अमेलिया कर

वनडे क्रिकेट के लिए 1 अप्रेल 2026 की तारीख पर इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई है। जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था, वो इस दिन हो गया है। पहली बार महिला वनडे क्रिकेट में किसी टीम ने इतना बड़ा स्कोर चेज किया है। यानी नया कीर्तिमान रच दिया गया है। ऐसा न्यूजीलैंड की महिला टीम ने किया है। इतना ही नहीं, टीम की स्टार बल्लेबाज अमेलिया कर ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने बड़ शतक लगाया। रन कम पड़ गए, नहीं तो अमेलिया दोहरा शतक भी पूरा कर सकती थीं। 

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही है वनडे सीरीज

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की म​हिला टीमों के बीच डे सीरीज खेली जा रही है। इसका दूसरा मुकाबला 31 मार्च को खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने 50 ओवर में धमाकेदार अंदाज में छह विकेट पर 346 रनों का स्कोर खड़ा किया। साउथ अफ्रीका के लिए एनेके बॉश ने विस्फोटक अंदाज में 90 बॉल पर 91 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। हालांकि वे अपना शतक पूरा नहीं कर पाईं। साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने भी 74 बॉल पर 69 रन बनाए। क्लो ट्रायोन ने आखिरी के कुछ ओवर में तेजी से रन बनाए। उन्होंने 25 बॉल पर 52 रन ठोक दिए।

तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए उतरी अमेलिया कर

अब न्यूजीलैंड के सामने 347 रनों का लक्ष्य था। ये बहुत बड़ा टारगेट था। इससे पहले महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में कभी भी इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं किया गया था। इसलिए लग रहा था कि साउथ अफ्रीका की टीम जीत जाएगी, लेकिन न्यूजीलैंड की नई कप्तान अमेलिया कर कुछ और ही सोचकर बैठी थीं। न्यूजीलैंड की सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स केवल आठ रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद तीसरे नंबर पर अमेलिया कर बल्लेबाजी के लिए आईं। हालांकि दूसरे छोर से बहुत ज्यादा सहयोग अमेलिया को नहीं मिला, लेकिन वे एक छोर संभाले रही और जबरदस्त बल्लेबाजी करती रहीं। 

अमेलिया ने खेली 139 बॉल पर 179 रनों की धमाकेदार पारी

अमेलिया कर की बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 49.4 ओवर में ही 350 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अमेलिया कर ने 139 बॉल पर 179 रनों की शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने एक छक्का और 23 चौके इस दौरान लगाने का काम किया। वे आखिर तक आउट नहीं हुई। इसाबेला गेज ने जरूर अमेलिया का कुछ देर तक साथ दिया, जिनके बल्ले से 48 बॉल पर 68 रन आए। 

भारतीय महिला टीम का रिकॉर्ड ध्वस्त

इससे पहले महिला वनडे में सबसे बड़े लक्ष्य का चेज करने की बात की जाए तो वो भारतीय महिला टीम के नाम पर था। भारत ने वनडे विश्व कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया की ओर से बनाए गए 338 रनों के जवाब में पांच विकेट पर 341 रन बनाकर मैच अपने नाम किया था। हालांकि अब ये रिकॉर्ड दूसरे नंबर पर चला गया है। 

यह भी पढ़ें

श्रेयस अय्यर को जीत के बाद भी लगा झटका, BCCI ने आखिर क्यों लिया बड़ा एक्शन

मयंक यादव को लेकर कोच ने कर दिया साफ, क्या आज मैदान पर दिखेगा एक्सप्रेस तेज गेंदबाज

Latest Cricket News