1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड, आमिर जंगू और रोस्टन चेज ने रचा नया इतिहास

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड, आमिर जंगू और रोस्टन चेज ने रचा नया इतिहास

वेस्टइंडीज के आमिर जंगू और कप्तान रोस्टन चेज ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में छठे विकेट के लिए 401 रन जोड़कर टेस्ट क्रिकेट का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। दोनों ने इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स की 399 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा।

Amir Jangoo and Roston Chase - India TV Hindi
Image Source : AFP आमिर जंगू और रोस्टन चेस

वेस्टइंडीज के बल्लेबाज आमिर जंगू और कप्तान रोस्टन चेज ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो पिछले 149 साल के इतिहास में कभी नहीं हुआ था। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 401 रन की ऐतिहासिक साझेदारी कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस साझेदारी के दौरान इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स का 10 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया।

नॉर्थ साउंड में खेले जा रहे मुकाबले में वेस्टइंडीज मुश्किल स्थिति में था, लेकिन इसके बाद आमिर जंगू और रोस्टन चेज ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने 602 गेंदों का सामना करते हुए छठे विकेट के लिए 401 रन जोड़ दिए, जो टेस्ट क्रिकेट में छठे विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स के नाम था। दोनों ने जनवरी 2016 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में छठे विकेट के लिए 399 रन की साझेदारी की थी। जंगू और चेज ने इस रिकॉर्ड को दो रन से पीछे छोड़ दिया।

जंगू ने जड़ा दोहरा शतक

सिर्फ अपने दूसरे टेस्ट मैच में खेल रहे आमिर जंगू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 373 गेंदों पर 233 रन बनाए। दूसरी ओर कप्तान रोस्टन चेज 184 रन बनाकर नाबाद लौटे। जंगू की 233 रन की पारी एक और वजह से खास रही। वह अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के इतिहास में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। 401 रन की यह साझेदारी वेस्टइंडीज के लिए भी टेस्ट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इस मामले में पहला स्थान कॉनराड हंटे और महान ऑलराउंडर गैरी सोबर्स के नाम है, जिन्होंने 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 446 रन जोड़े थे।

टेस्ट में दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी 

इतना ही नहीं, श्रीलंका के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए टेस्ट क्रिकेट की यह दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई। इस लिस्ट में पहला स्थान न्यूजीलैंड के मार्टिन क्रो और एंड्रयू जोन्स के नाम है, जिन्होंने 1991 में तीसरे विकेट के लिए 467 रन की साझेदारी की थी। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब भी श्रीलंका के कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम दर्ज है। दोनों ने 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 624 रन की ऐतिहासिक साझेदारी की थी।

यह भी पढ़ें:

चार्ली डेविस का 82 साल की उम्र में निधन, WI vs SL टेस्ट में तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर उतरे खिलाड़ी

वेस्टइंडीज के टेस्ट स्क्वाड का ऐलान, एक साथ 2 गेंदबाजों का हुआ कमबैक, विकेटकीपर को भी आया बुलावा

Latest Cricket News