1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. औकिब नबी ने श्रीलंका-ए के खिलाफ गेंद से दिखाया कमाल, 58 रन देकर झटके 4 विकेट

औकिब नबी ने श्रीलंका-ए के खिलाफ गेंद से दिखाया कमाल, 58 रन देकर झटके 4 विकेट

भारतीय-ए टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली थी, जिसमें तीसरे दिन के खेल में टीम इंडिया की तरफ से तेज गेंदबाज औकिब नबी का कमाल देखने को मिला जिन्होंने कुल 4 विकेट हासिल किए।

India A Team- India TV Hindi
Image Source : X/BCCI भारतीय ए टीम

भारतीय ए टीम 2 मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका के दौरे पर है, जहां पर पहला मुकाबला गाले के स्टेडियम में 25 जून से खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम की तरफ से पहली पारी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने दूसरे दिन के खेल में अपनी 452 के स्कोर पर पारी को घोषित कर दिया था। वहीं मेजबान श्रीलंका ए टीम तीसरे दिन के खेल के आखिरी सेशन में अपनी पहली पारी में 330 रन बनाकर सिमट गई जिससे टीम इंडिया की पकड़ अब काफी मजबूत हो गई है। वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में तेज गेंदबाज औकिब नबी का कमाल देखने को मिला जिन्होंने सिर्फ 58 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए।

औकिब नबी ने श्रीलंकाई पारी को समेटने में निभाई अहम भूमिका

श्रीलंका ए टीम के खिलाफ उनकी पहली पारी को समेटने में भारतीय ए टीम के तेज गेंदबाज औकिब नबी का कमाल देखने को मिला। तीसरे दिन के खेल में एक समय पहले श्रीलंका ए टीम ने 268 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद अंजला बंडारा और राविंदु फर्नांडो के बीच में छठे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी ने उनके स्कोर तक 300 तक पहुंचा दिया। इस खतरनाक हो रही साझेदारी को औकिब नबी ने तोड़ा जिसके बाद उन्होंने श्रीलंकाई ए टीम के बल्लेबाजों को पिच पर अधिक देर तक टिकने नहीं दिया। औकिब ने 19.4 ओवर्स की गेंदबाजी में जहां 58 रन दिए तो वहीं 4 विकेट लेने में कामयाब रहे। इसके अलावा यश ठाकुर और हर्ष दुबे ने 2-2 विकेट अपने नाम किए जबकि अंशुल कंबोज और सारांश जैन भी 1-1 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे। श्रीलंका ए टीम की तरफ से पहली पारी में नाविंदु फर्नांडो ने 84 रन जबकि कप्तान सहान आरागची ने 72 रन तो वहीं असेन बंडारा ने 70 रनों की पारी खेली।

साई सुदर्शन की चोट ने टीम इंडिया की बढ़ाई टेंशन

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय ए टीम को अपनी दूसरी पारी में 17 ओवर्स बल्लेबाजी करने का मौका मिला जिसमें उन्होंने बिना किसी नुकसान के 48 रन बना लिए थे। टीम इंडिया के पास जहां अब कुल बढ़त 170 रनों की हो गई है तो वहीं साई सुदर्शन की चोट ने जरूर चिंता बढ़ा दी है। आयुष पांडे के साथ ओपनिंग में उतरे साई सुदर्शन 7 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। दिन का खेल खत्म होने पर आयुष और पडिक्कल 20-20 रन बनाकर खेल रहे थे।

ये भी पढ़ें

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में टीम इंडिया को क्यों मिली हार? अभिषेक शर्मा ने बताया कारण

शिवम दुबे ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, T20I में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने

Latest Cricket News