1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया 198 रन पर ढेर, बांग्लादेश ने गेंद के बाद बल्ले से दिखाया दम, मोमिनुल-तंजीद के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

ऑस्ट्रेलिया 198 रन पर ढेर, बांग्लादेश ने गेंद के बाद बल्ले से दिखाया दम, मोमिनुल-तंजीद के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज हो चुका है। दोनों टीमों के बीच डार्विन में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में सिर्फ 198 रन बना सकी।

BAN vs AUS- India TV Hindi
Image Source : AFP बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट मैच का 13 अगस्त से आगाज हो चुका है। 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का ये पहला मुकाबला डार्विन में खेला जा रहा है, जिसके पहले दिन ऑस्ट्रलिया की टीम महज 198 रनों पर ढेर हो गई। बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने जमकर कहर बरपाया। हसन महमूद ने 6 विकेट झटके। वहीं, तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को 2-2 विकेट मिले। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 71 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के 198 रनों के जवाब मे बांग्लादेश की पारी का आगाज बेहतरीन रहा। पहले दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 1 विकेट खोकर 96 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। मोमिनुल हक और तंजीद हसन तमीम नाबाद हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में अब तक सिर्फ मिचेल स्टार्क का खाता खुला है। 

डार्विन में जिस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को शुरुआत से ही मजबूत दावेदार माना जा रहा था, वहां बांग्लादेश ने पहले ही सेशन से मेजबानों को परेशानी में डाल दिया। पहले टेस्ट के शुरुआती दिन बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने दो अहम विकेट झटककर ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर को झटका दिया। लंच तक मेजबान टीम ने 4 विकेट खोकर 74 रन बनाए, हालांकि दूसरे सेशन में स्टीव स्मिथ ने अर्धशतक जड़ते हुए पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से बल्लेबाज आउट होते रहे। टी ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट खोकर 183 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि स्टीव स्मिथ 67 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, तीसरे सेशन में स्टीव स्मिथ ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 71 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 200 रन पूरे होने से पहले ही ढेर हो गई।

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम को उम्मीद थी कि डार्विन की परिस्थितियों का फायदा उठाकर वह बांग्लादेश के खिलाफ मजबूत शुरुआत करेगी, लेकिन मेहमान गेंदबाजों ने उसकी योजनाओं पर पानी फेर दिया। हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया की पारी में सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ा। उन्होंने लगातार दबाव बनाते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तेजी से मुश्किल स्थिति में पहुंच गया। सेशन की आखिरी गेंद पर कैमरन ग्रीन भी 13 रन बनाकर आउट हो गए। उनके विकेट के साथ ऑस्ट्रेलिया ने लंच तक चार विकेट गंवा दिए।

 

Latest Cricket News