Ashes 2025: जो रूट ने ब्रिस्बेन टेस्ट में जड़ा शतक, पहली बार ऑस्ट्रेलिया में किया ये कारनामा
AUS vs ENG: एशेज 2025 का दूसरा मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें इंग्लैंड टीम के अनुभवी खिलाड़ी जो रूट के बल्ले से पहले दिन के खेल में शानदार शतकीय पारी देखने को मिली है।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज 2025 का दूसरा मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में पिंक बॉल से खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है, लेकिन उनकी शुरुआत काफी खराब रही जिसमें उन्होंने अपने पहले 2 विकेट सिर्फ 5 के स्कोर पर गंवा दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे जो रूट ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ शानदार शतकीय पारी खेल दी है। रूट का ये टेस्ट क्रिकेट में जहां 40वां शतक है तो वहीं ऑस्ट्रेलिया में वह टेस्ट फॉर्मेट में पहली बार शतकीय पारी भी खेलने में कामयाब हो सके हैं।
रूट 30 पारी बाद लगा सके ऑस्ट्रेलिया में पहला शतक
टेस्ट क्रिकेट में जो रूट का अभी तक लगभग हर देश में बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में वह उस तरह से कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे। एशेज 2025 सीरीज की शुरुआत भी रूट के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं हुई जिसमें पर्थ स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में वह बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो सके थे। अब रूट ने सभी आलोचकों को जवाब देने के साथ ब्रिस्बेन टेस्ट में शानदार शतकीय पारी खेल दी है। रूट 30 पारियों बाद ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टेस्ट शतक लगा सके हैं, जिसमें वह एक खास लिस्ट का भी हिस्सा बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला शतक लगाने के लिए सबसे ज्यादा पारी खेलने वाले खिलाड़ी
- इयान हीली - 41 पारी
- बॉब सिम्पसन - 36 पारी
- गॉर्डन ग्रिनीज - 32 पारी
- स्टीव वॉ - 32 पारी
- जो रूट - 30 पारी
WTC में इस मामले में स्मिथ को छोड़ा पीछे
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में जो रूट जहां शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हैं, जिसमें उनके बल्ले से अब तक 22 शतकीय पारियां देखने को मिली हैं, तो वहीं उन्होंने एक खास मामले में स्टीव स्मिथ को भी पीछे छोड़ दिया है। जो रूट अब घर से बाहर WTC के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें ये उनकी 9वीं शतकीय पारी थी, वहीं अब लिस्ट में 8 शतकीय पारियों के साथ स्टीव स्मिथ दूसरे नंबर पर हैं।
ये भी पढ़ें
400+ विकेट, मिचेल स्टार्क का अनोखा करिश्मा; टेस्ट क्रिकेट में तोड़ा वसीम अकरम का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
13 साल बाद अपने घर पर Playing 11 से बाहर बैठा स्टार खिलाड़ी, करियर में सिर्फ दूसरी बार हुआ ऐसा
