ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ निर्णायक टेस्ट से ठीक पहले स्मिथ ने खुद को मुकाबले के लिए अनफिट पाया, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। जांच में उनकी गर्दन के जोड़ में चोट की पुष्टि हुई है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए राहत की बात यह है कि स्मिथ के न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर में होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज तक फिट होने की उम्मीद है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पुष्टि की है कि स्मिथ की गर्दन के सर्वाइकल फैसेट जॉइंट में चोट लगी है। उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन ग्केबेरहा में पहली बार गर्दन में दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद उनकी परेशानी लगातार बनी रही। केपटाउन पहुंचने पर उनके स्कैन कराए गए, जिनमें चोट का पता चला। सर्वाइकल फैसेट जॉइंट गर्दन की रीढ़ की हड्डियों के पीछे स्थित छोटे जोड़ होते हैं, जो गर्दन की गति को नियंत्रित करने और उसे स्थिर रखने में मदद करते हैं। इस चोट के कारण स्मिथ की गर्दन की मूवमेंट भी लिमिटेड हो गई थी, जिससे उनके लिए मैदान पर उतरना मुश्किल हो गया।
अभ्यास के दौरान भी परेशान रहे स्मिथ
सेंट जॉर्ज पार्क में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी के दौरान भी स्मिथ असहज नजर आए थे। दूसरी पारी में उन्हें सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। इसके बावजूद उम्मीद की जा रही थी कि वह केपटाउन के न्यूलैंड्स में होने वाले निर्णायक टेस्ट में खेलेंगे। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड और कप्तान पैट कमिंस ने भी उनके खेलने को लेकर भरोसा जताया था। लेकिन अंतिम टेस्ट से पहले अभ्यास के दौरान स्मिथ की परेशानी बनी रही। मैच शुरू होने की सुबह उन्होंने फैसला किया कि वह पूरे मुकाबले में खेलने की स्थिति में नहीं हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान में कहा कि स्टीव स्मिथ को पिछले सप्ताह ग्केबेरहा में दूसरे टेस्ट के चौथे दिन गर्दन में दर्द हुआ था। इसके बाद MRI जांच में सर्वाइकल फैसेट जॉइंट में चोट की पुष्टि हुई। इस चोट और गर्दन की सीमित मूवमेंट के कारण वह मौजूदा टेस्ट में खेलने के लिए फिट नहीं थे। बयान में आगे कहा गया कि स्मिथ का उपचार और रिहैबिलिटेशन जारी रहेगा। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड सीरीज से पहले वापसी की उम्मीद
स्मिथ के पास पूरी तरह फिट होने के लिए करीब छह सप्ताह का समय है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 9 दिसंबर को पर्थ में होनी है। ऐसे में टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह इस सीरीज तक वापसी कर लेंगे। अगर स्मिथ की रिकवरी योजना के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो वह इससे पहले शेफील्ड शील्ड में भी खेल सकते हैं। उनकी टीम न्यू साउथ वेल्स के मुकाबले 11 नवंबर को साउथ ऑस्ट्रेलिया और 22 नवंबर को क्वींसलैंड के खिलाफ निर्धारित हैं। दोनों मैच सिडनी में खेले जाने हैं। हालांकि, इन मुकाबलों में उनकी भागीदारी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
स्मिथ की जगह जोश इंग्लिस को मिला मौका
निर्णायक टेस्ट से स्मिथ के बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जोश इंग्लिस को टीम में शामिल किया। उन्हें पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी गई, जबकि कैमरन ग्रीन चौथे नंबर पर उतरे। मैच के दूसरे दिन इंग्लिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 111 गेंदों पर नाबाद 85 रन बना लिए थे। वहीं, ग्रीन ने 65 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर मैट रेनशॉ के साथ तीसरे विकेट के लिए 126 रन की अहम साझेदारी की।
यह भी पढ़ें:
सरफराज खान के भाई ने रचा इतिहास, 77 साल बाद दोहराया गया ऐतिहासिक कारनामा, रवि शास्त्री के क्लब में शामिल हुए
IND vs NZ T20I सीरीज के बीच आई बुरी खबर, लॉकी फर्ग्यूसन हुए बाहर, 26 साल के धाकड़ गेंदबाज को मिला मौका
Latest Cricket News