1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया

ICC वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराकर आसानी से फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

Australia Women vs West Indies Women- India TV Hindi
Image Source : AFP ऑस्ट्रेलिया वुमेंस बनाम वेस्टइंडीज वुमेंस

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने वेस्टइंडीज को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराया और इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की की। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनक्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था। वेस्टइंडीज की टीम इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाने में कामयाब रही। वेस्टइंडीज की तरफ से इस मैच में हेली मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने इस टारगेट को बेहद आसानी से 13 ओवर में 8 विकेट रहते हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस मैच में बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। वह अंत तक नाबाद रही। वहीं एश्ले गार्डनर ने 20 बॉल पर नाबाद 35 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह इस वर्ल्ड कप में लगातार छठी जीत है। उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आठवीं बार फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को हेली मैथ्यूज और कियाना जोसेफ की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों ने 47 रन जोड़े। मैथ्यूज इस मैच में 28 बॉल पर 30 रन बनाकर आउट हुई। पहला विकेट गिरने के बाद विंडीज की पारी लड़खड़ा गई। उनकी टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। हेली मैथ्यूज इस मुकाबले में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही। उनके अलावा शेमेन कैंपबेल ने 25 बॉल पर 22 रनम वहीं डिएंड्रा डॉटिन ने 16 बॉल पर 26 रन का योगदान दिया। अपनी इस पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। 

टॉस के वक्त ऑस्ट्रेलिया की कप्तान ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यहां की पिच अच्छी लग रही है, और हमारी कोशिश होगी कि हम शुरुआत में ही सामने वाली टीम पर थोड़ा दबाव बना सकें। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या पिच पर मौजूद घास की वजह से यह फैसला लिया? तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हांमुझे ऐसा ही लगता है। यह पिच कल के मुकाबले थोड़ी सूखी दिख रही है। बस हम पहले मैदान पर उतरकर हालात का फायदा उठाना चाहते हैं। इसके साथ उन्होंने बताया कि इस मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पहले सेमीफाइनल के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI

वेस्टइंडीज महिला: कियाना जोसेफ, हेली मैथ्यूज (कप्तान), शेमेन कैंपबेल (विकेटकीपर), स्टेफनी टेलर, डिएंड्रा डॉटिन, चिनेल हेनरी, जाहारा क्लैक्सटन, जनिलेया ग्लासगो, आलिया एलेन, एफी फ्लेचर, करिश्मा रामहरक

ऑस्ट्रेलिया महिला: जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन

Latest Cricket News