A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दिग्गज तेज गेंदबाज का रिटायरमेंट को लेकर बड़ा ऐलान, T20 WC के बाद ICC टूर्नामेंट्स को कहेंगी अलविदा

दिग्गज तेज गेंदबाज का रिटायरमेंट को लेकर बड़ा ऐलान, T20 WC के बाद ICC टूर्नामेंट्स को कहेंगी अलविदा

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने में अभी 2 हफ्ते से ज्यादा का समय बाकी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।

Megan Schutt - India TV Hindi
Image Source : PTI मेगन शट

Megan Schutt Retirement: T20 वर्ल्ड कप 2026 का 12 जून से आगाज होने जा रहा है। इससे पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक मेगन शट ने अपने इंटरनेशनल करियर को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अनुभवी तेज गेंदबाज ने घोषणा की है कि इंग्लैंड और वेल्स में होने वाला वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 उनका आखिरी ICC टूर्नामेंट होगा। उनका यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब टीम वर्ल्ड कप की तैयारियों में बिजी है।

आखिरी होगा ICC टूर्नामेंट

साल 2012 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाली मेगन शट ने पिछले एक दशक से अधिक समय में ऑस्ट्रेलिया की सफलता में अहम भूमिका निभाई है। 33 साल की तेज गेंदबाज तीनों फॉर्मेट में 300 से ज्यादा विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। मेगन शट ने यह साफ कर दिया कि T20 वर्ल्ड कप 2026 उनका आखिरी ICC टूर्नामेंट होगा, लेकिन फिलहाल वह क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने की योजना नहीं बना रही हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया AAP से बातचीत में कहा कि वह ज्यादा प्लानिंग बनाने वालों में से नहीं हैं। उन्हें हालात के साथ आगे बढ़ना पसंद है। लेकिन इतने सारे वर्ल्ड कप और उनके बीच के टूर्नामेंट्स को देखते हुए हमेशा आपके सामने कोई न कोई लक्ष्य होता है और आखिरकार आपको एक फैसला लेना ही पड़ता है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट से पूरी तरह अलग होने के लिए कोई तय समय-सीमा तय नहीं की है।

हाल के ICC टूर्नामेंट्स में ऑस्ट्रेलिया के सेमीफाइनल से बाहर होने पर शट ने खुलकर बात की। उन्होंने माना कि लगातार दो बड़े टूर्नामेंट्स में मिली निराशा उन्हें आज भी परेशान करती है, लेकिन यही अनुभव उन्हें नई पीढ़ी को वर्ल्ड कप जीतते देखने के लिए प्रेरित भी करता है।

ऑस्ट्रेलिया की रिकॉर्ड 7वें खिताब पर नजर

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में रिकॉर्ड सातवें खिताब के इरादे से उतरेगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया अपना पहला मुकाबला 13 जून को मैनचेस्टर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा। सभी की निगाहें इस बात पर होगी कि क्या मेगन शट अपने आखिरी ICC टूर्नामेंट को यादगार बनाते हुए एक और वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ विदाई ले पाएंगी।

यह भी पढ़ें:

ODI वर्ल्ड कप 2027 में दिखेगी घातक पेस तिकड़ी? डिफेंडिंग चैंपियन के हेड कोच ने दिया बड़ा संकेत

भारतीय क्रिकेट टीम मुकाबले के लिए तैयार, दिन में कितने बजे से शुरू होंगे टी20 इंटरनेशनल मैच

Latest Cricket News