1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आयुष बदोनी ने ठोक दी डबल सेंचुरी, प्रियांश आर्या एक रन से चूके, दिल्ली के सामने गुजरात की हालत खराब

आयुष बदोनी ने ठोक दी डबल सेंचुरी, प्रियांश आर्या एक रन से चूके, दिल्ली के सामने गुजरात की हालत खराब

रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी ने गुजरात के खिलाफ दोहरा शतक लगाया है। प्रियांश आर्या के 199 रनों की पारी की मदद से टीम ने अब 500 से अधिक रन बना लिए हैं।

Ayush Badoni- India TV Hindi
Image Source : PTI आयुष बदोनी

आयुष बदोनी ने एक बार फिर से धमाकेदार पारी खेली है। रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेल रहे बदोनी ने मैच के पहले दिन शतक लगाया और दूसरे दिन उसे डबल सेंचुरी में भी तब्दील करने में कामयाबी हासिल की। इससे पहले सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या केवल एक रन से ऐसा करने से चूक गए थे। इस बीच दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ पहली ही पारी में बड़ा स्कोर बना लिया है और गुजरात की टीम संकट में नजर आ रही है। 

आयुष बदोनी ने खेली 247 बॉल पर 217 रनोंं की पारी

रणजी ट्रॉफी के एलाइट ग्रुप सी के मैच में दिल्ली और गुजरात की टीमें आमने सामने हैं। इसमें दूसरे दिन का खेल अभी जारी है। पहले दिन सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने 220 बॉल पर 199 रन बनाए। इसमें 24 चौके और 6 छक्के शामिल रहे, हालांकि वे केवल एक रन से अपना दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए। दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी ने पहले दिन शतक लगाया और दूसरे दिन दोहरा शतक पूरा कर लिया। वे जबरदस्त बल्लेबाजी करके आउट हुए। बदोनी ने 247 बॉल पर 217 रन बनाए। इस दौरान 22 चौके और दो छक्के उनके बल्ले से आए। टीम ने 500 से अधिक का स्कोर बना दिया है। 

अब तक टीम इंडिया से खेलने का नहीं मिला है मौका

आयुष बदोनी को अभी तक भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है। हालांकि उन्होंने डोमेस्टिक क्रिकेट में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वे अब तक 25 प्र​थम श्रेणी मैच खेलकर करीब 2000 रन बनाए हैं। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 30 मैचों में 732 रन दर्ज हैं। टी20 क्रिकेट में अब तक 106 मैच खेलकर बदोनी ने 2003 रन बनाए हैं।  इससे पहले आयुष बदोनी ने बंगाल के खिलाफ खेले गए मैच की पहली पारी में 23 और दूसरी में 85 रन बनाए थे।

गुजरात को मैच बचाने के लिए करनी होगी काफी मेहनत

इस मुकाबले की बात करें तो दिल्ली की टीम काफी मजबूत नजर आती है। टीम ने 500 से अधिक रन बना लिए हैं और टीम की बल्लेबाजी अभी बाकी है। देखना होगा कि क्या ​आयुष बदोनी पारी घोषित करते हैं या फिर पूरी टीम आउट होने का इंतजार करते हैं। लेकिन इतना तो तय है कि अब इस लक्ष्य का पीछा करने के लिए गुजरात की टीम को काफी अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। 

यह भी पढ़ें 

अब कब मैदान में उतरेगी टीम इंडिया, न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा पहला टी20 मुकाबला

शैफाली वर्मा ने ध्वस्त किया स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को भी पीछे छोड़ा

Latest Cricket News