A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. CSK vs PBKS: आयुष म्हात्रे ने अर्धशतकीय पारी के दम पर किया बड़ा कारनामा, चेपॉक में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

CSK vs PBKS: आयुष म्हात्रे ने अर्धशतकीय पारी के दम पर किया बड़ा कारनामा, चेपॉक में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

CSK vs PBKS: चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने घर पर आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेल रही है, जिसमें उनकी तरफ से युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के बल्ले से 73 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब रहे।

Ayush Mhatre- India TV Hindi
Image Source : AP आयुष म्हात्रे

आईपीएल 2026 सीजन का 7वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की टीम 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। चेन्नई सुपर किंग्स को इस स्कोर तक पहुंचाने में युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिसमें वह 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेलने में कामयाब रहे। आयुष म्हात्रे अपनी इस पारी के दम पर एक ऐसा कारनामा करने में भी कामयाब रहे जिसमें उन्होंने चेपॉक के स्टेडियम में एक नया रिकॉर्ड बना दिया।

चेपॉक में इस मामले में बने सबसे युवा खिलाड़ी

चेन्नई सुपर किंग्स टीम की पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट दूसरे ओवर में 14 के स्कोर पर संजू सैमसन के रूप में गंवा दिया। इसके बाद नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने उतरे आयुष म्हात्रे ने शुरु में कुछ गेंद संभलकर खेली लेकिन उसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए तेजी से रन बनाने का सिलसिला शुरू किया। आयुष म्हात्रे ने इस मैच में अपनी फिफ्टी सिर्फ 29 गेंदों में पूरी कर ली, जिसके साथ ही वह 18 साल 261 दिन की उम्र में आईपीएल इतिहास में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में फिफ्टी लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। आयुष ने अपनी 73 रनों की बेहतरीन पारी के दौरान कुल 6 चौके और 5 छक्के लगाए जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 169.77 का देखने को मिला।

पृथ्वी शॉ की बराबरी, वैभव से अभी भी दूर

आईपीएल के इतिहास में अब तक एक से एक शानदार युवा खिलाड़ी देखने को मिले हैं, जिसमें एक नाम आयुष म्हात्रे का भी शामिल है। आयुष ने जैसे ही पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में अपनी फिफ्टी पूरी की उसी के साथ वह आईपीएल के इतिहास में 19 साल की उम्र पूरी करने से पहले 2 फिफ्टी प्लस पारियां खेलने के मामले में पृथ्वी शॉ की बराबरी करने में कामयाब हो गए। इस लिस्ट में पहले नंबर पर वैभव सूर्यवंशी का नाम है जिन्होंने अब तीन फिफ्टी प्लस पारियां आईपीएल में खेली हैं।

आईपीएल में 19 साल की उम्र से पहले सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस पारियां खेलने वाले खिलाड़ी

  • वैभव सूर्यवंशी - 3
  • पृथ्वी शॉ - 2
  • आयुष म्हात्रे - 2

ये भी पढ़ें

DC vs MI IPL 2026: दिल्ली या मुंबई किसका रहा है अब तक पलड़ा भारी, जानें क्या कहता है Head To Head रिकॉर्ड

DC vs MI: जसप्रीत बुमराह के पास बड़ा कारनामा करने का मौका, इस लिस्ट में पहुंच सकते हैं दूसरे नंबर पर

Latest Cricket News