A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: बाबर आजम ने अपने ही पैर पर मारी कुल्हाड़ी, टुक-टुक करने के चक्कर में गंवा बैठे विकेट

VIDEO: बाबर आजम ने अपने ही पैर पर मारी कुल्हाड़ी, टुक-टुक करने के चक्कर में गंवा बैठे विकेट

BAN vs PAK: सिलहट के मैदान पर खेले जा रहे बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के दूसरे दिन के खेल में पाकिस्तानी टीम के स्टार खिलाड़ी बाबर आजम ने जिस तरह से अपना विकेट गंवाया उससे सभी हैरान रह गए।

Babar Azam- India TV Hindi
Image Source : AFP बाबर आजम

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच में खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला सिलहट के स्टेडियम में 16 मई से खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसमें उन्होंने पहले दिन के खेल में ही बांग्लादेश की पहली पारी को 278 रनों के स्कोर पर समेट दिया था। इसके बाद सभी को पाकिस्तान की तरफ से उनकी पहली पारी में बेहतर बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन दूसरे दिन के खेल में वह अपनी पहली पारी में सिर्फ 232 रन बनाकर सिमट गई, जिसमें सबसे ज्यादा रन बाबर आजम के बल्ले से देखने को मिले जिन्होंने 68 रनों की पारी खेली, लेकिन बाबर ने जिस तरह से अपना विकेट गंवाया उसने जरूर सभी को हैरान कर दिया।

मिड ऑन पर आसान से कैच देकर लौट गए बाबर पवेलियन

सिलहट टेस्ट मैच में जब बाबर आजम दूसरे दिन के खेल में बल्लेबाजी करने उतरे तो उस समय पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 26 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से बाबर ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकालने का प्रयास किया, जिसमें उन्होंने सलमान अली आगा के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 63 रनों की अहम साझेदारी भी की। पाकिस्तानी टीम की पारी के 40वें ओवर में बांग्लादेश के कप्तान ने तेज गेंदबाज नाहिद राणा को ओवर फेंकने की जिम्मेदारी दी।

इस ओवर की चौथी गेंद पर बाबर आजम ने हल्के हाथों से खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद बल्ले से इतनी बेहतर तरीके से लगी कि सीधा हवा में मिड ऑन पर खड़े फील्डर की तरफ गई जिसमें वहां पर फील्डिंग कर रहे मुशफिकुर रहीम ने आसान सा कैच लपक लिया। बाबर आजम आउट होने के बाद जहां थोड़ी देर के लिए हैरान रह गए तो वहीं पवेलियन लौटते समय वह खुद पर काफी गुस्सा निकालते हुए भी दिखाई दिए। बाबर ने अपनी इस पारी में कुल 10 चौके भी लगाए।

बाबर आजम ने बेन स्टोक्स को छोड़ा पीछे

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में बाबर आजम ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी अर्धशतकीय पारी के दम पर बेन स्टोक्स को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसमें वह WTC में सबसे ज्यादा फिफ्टी या उससे अधिक रनों की पारी खेलने के मामले में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर 45 फिफ्टी प्लस पारियों के साथ जो रूट हैं, जबकि दूसरे नंबर पर 35 फिफ्टी प्लस पारियों के साथ मार्नश लाबुशेन तो वहीं तीसरे नंबर पर स्टीव स्मिथ 34 फिफ्टी प्लस पारियों के साथ हैं।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का अगले महीने टीम इंडिया में होगा डेब्यू? टीम इंडिया के पूर्व कोच का बड़ा बयान

साई सुदर्शन ने रचा इतिहास, शॉन मार्श का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले खिलाड़ी

Latest Cricket News