A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप में फ्लॉप प्रदर्शन के बाद बाबर, शाहीन और सलमान को मिली अजीबोगरीब सजा, PCB ने लगा दिया लाखों का जुर्माना

T20 वर्ल्ड कप में फ्लॉप प्रदर्शन के बाद बाबर, शाहीन और सलमान को मिली अजीबोगरीब सजा, PCB ने लगा दिया लाखों का जुर्माना

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद अपने प्लेयर्स पर 5 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है। इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था।

PAK Cricket team- India TV Hindi
Image Source : AFP पाकिस्तान क्रिकेट टीम

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। इस वर्ल्ड कप में उनकी टीम सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना पाई और सुपर-8 से ही बाहर हो गई। इस खराब प्रदर्शन को देखने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों पर जुर्माना लगा दिया है। ये जुर्माना पाकिस्तान टीम के बड़े प्लेयर्स शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और कप्तान सलमान अली आगा पर भी लगाया गया है। इन तीनों ही प्लेयर्स ने इस वर्ल्ड कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया।

पाकिस्तानी प्लेयर्स पर लगा 50 लाख रूपये का जुर्माना

ExpressTribune की रिपोर्ट के अनुसार, जारी T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की खराब परफॉर्मेंस का असर अब उनके खिलाड़ियों पर देखने को मिला है। यह उनके लिए महंगी साबित हुई है, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़े खिलाड़ियों पर 5 मिलियन (50 लाख पाकिस्तानी रूपये) का जुर्माना लगाया है। यह फैसला भारत से मिली शर्मनाक हार के ठीक बाद लिया गया था। सूत्रों के मुताबिक PCB के अधिकारियों ने खिलाड़ियों से साफ कह दिया है कि प्लेयर्स के साथ बहुत लाड़-प्यार हो गया। आगे से फाइनेंशियल फायदे सिर्फ अच्छे परफॉर्मेंस के आधार पर ही मिलेंगे।

भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान को मिली थी शर्मनाक हार

दरअसल पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स से हारने से बाल-बाल बचा था। इसके बाद उन्होंने USA को हराया था। हालांकि भारत के खिलाफ मैच में पाक प्लेयर्स से बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद थी, लेकिन वहां भी उनकी टीम भारत के हाथों बुरी तरह पीट गई। फैंस की तरह, बोर्ड के अधिकारी भी टीम की परफॉर्मेंस से बहुत नाखुश हैं। सूत्रों के मुताबिक हर खिलाड़ी पर पहले ही 5 मिलियन रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि अगर खिलाड़ियों को अच्छे परफॉर्मेंस के लिए इनाम मिलता है, तो उन्हें खराब परफॉर्मेंस के लिए पेनल्टी भी देनी होगी।

कैटेगरी के हिसाब से कितनी है पाकिस्तानी प्लेयर्स की सैलरी?

आपको बता दें कि अभी पाकिस्तान टीम के नेशनल क्रिकेटर सालाना लाखों कमाते हैं। A-कैटेगरी के प्लेयर को हर महीने 4.5 मिलियन रुपए सैलरी और ICC रेवेन्यू से उन्हें 2.07 मिलियन रुपए शेयर मिलते हैं। B-कैटेगरी के प्लेयर की बात करें तो उन्हें हर महीने 3 मिलियन रुपए और ICC शेयर के तौर पर 1.55 मिलियन रुपए मिलते हैं। C-कैटेगरी के प्लेयर को हर महीने 1 मिलियन रुपए मिलते हैं और उन्हें ICC शेयर के तौर पर 1.03 मिलियन रुपए मिलते हैं। D-कैटेगरी के प्लेयर हर महीने 750,000 रुपए और ICC शेयर के तौर पर 517,500 रुपए कमाते हैं। इसके अलावा प्लेयर्स को मैच फीस अलग से मिलती है।

यह भी पढ़ें:

19 साल पहले खेले गए IND vs PAK मैच को रोहित शर्मा ने बताया अपना फेवरेट, विराट को लेकर दिया बड़ा बयान

सूर्या के पास केन विलियमसन और ABD जैसे दिग्गजों को पछाड़ने का मौका, सिर्फ 17 रनों की दरकार

Latest Cricket News